अक्षय कुमार से बोले मोदी, मुझपर निकलता है तुम्हारी पत्नी का सारा गुस्सा तो ट्विंकल ने दिया ये जवाब
नई दिल्ली। ट्विंकल खन्ना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अभिनेता अक्षय कुमार के साथ इंटरव्यू में 'ट्विंकल मुझ पर गुस्सा निकालती हैं' कहने पर जवाब दिया है। ट्विंकल ने इस पर कहा है कि चलो कम से कम प्रधानमंत्री मेरे ट्विटर को देखते हैं, मेरे काम को पढ़ते तो हैं। अक्षय कुमार से बातचीत में नरेंद्र मोदी ने कहा था कि सोशल मीडिया पर मैं देखता हूं कि आपकी पत्नी ट्विंकल खन्ना मेरे खिलाफ काफी गुस्सा निकालती हैं।

ट्विंकल ने दिया ये जवाब
अक्षय कुमार ने नरेंद्र मोदी से सवाल किया था कि आप सोशल मीडिया को कितना वक्त देते हैं। इस पर मोदी ने कहा, मैं सोशल मिडिया जरूर देखता हूं इससे मुझे बाहर क्या चल रहा है इसकी जानकारी मिलती है।मैं आपका भी और टविंकल खन्ना का भी ट्विटर देखता हूं और जिस तरह वो मुझ पर गुस्सा निकालती हैं तो मैं समझता हूं की इससे आपके परिवार में बहुत शांति रहती होगी। उनका पूरा गुस्सा मुझ पर निकल जाता होगा इसलिए आपको आराम रहता होगा, तो इस तरह से मैं आपके काम आया हूं।
मोदी के जवाब में ट्विंकल ने ट्वीट कर कहा, मेरे पास इसे देखने का एक पॉजिटिव तरीका है, ना केवल प्रधानमंत्री इस बात को जानते हैं कि मैं मौजूद हूं बल्कि वो मेरे काम को पढ़ते भी हैं।

ओबामा पूछते हैं नींद बढ़ाई या नहीं: मोदी
बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार ने न्यूज एजेंसी एएनआई के लिए बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इंटरव्यू लिया है। इसी में उन्होंने ट्विंकल को लेकर बयान दिया।
अक्षय कुमार ने मोदी से पूछा कि आप तीन या चार घंटे ही सोते हैं? मतलब सात घंटे सोना अमूमन एक शरीर को चाहिए ही चाहिए। इस पर मोदी कहते हैं, राष्ट्रपति ओबामा जब मुझे मिले तो उनका भी पहला सवाल नींद को लेकर ही था...मोदी जी क्यों ऐसा करते हैं? मोदी ने कहा हम दोनों अच्छे दोस्त हैं.. अब वे जब भी मुझसे मिलते हैं तो यही पूछते हैं कि तुमने मेरी बात मानी या नहीं...नींद बढ़ाई या नहीं?

मां को लेकर सवालों पर मोदी
मां के साथ रहने के सवाल पर पीएम मोदी ने कहा कि मैं बहुत छोटी आयु में सब कुछ छोड़ चुका हूं, मेरी मां मुझे कहती है कि तू क्यों मेरे पीछे समय खराब करता है, तुझे तो और भी जीवन में काफी कुछ करना है, मेरे पीछे वक्त बर्बाद ना कर, मोदी ने कहा कि मां से जब भी मिलता हूं सवा रुपये हाथ पर रखती हैं, वो आज भी मुझे पैसे देती हैं।












Click it and Unblock the Notifications