क्विक अलर्ट के लिए
नोटिफिकेशन ऑन करें  
For Daily Alerts
Oneindia App Download

झारखंड: मिशन संथाल में जुटी भाजपा-झामुमो के माथे पर बल

By यशोनाथ झा
Google Oneindia News

नई दिल्ली। आम चुनाव 2019 अंतिम चरण में पहुंच चुका है। रविवार को झारखंड की उप राजधानी दुमका समेत संथाल परगना की तीन सीटों पर मतदान के साथ ही चुनाव का सिलसिला थम जायेगा और लोग 23 मई के इंतजार में लग जायेंगे। लेकिन झारखंड में संथाल परगना की तीन सीटों पर कब्जे की जो राजनीतिक लड़ाई अभी चल रही है, उसके परिणाम को लेकर न तो भाजपा निश्चिंत है और न ही झामुमो ही अपना गढ़ बचाने के प्रति आश्वस्त है। अब तक यही माना जाता रहा है कि संथाल परगना झामुमो का अभेद्य दुर्ग है और यहां तीर-धनुष के अलावा कुछ नहीं चलता है। पिछले चुनाव के दौरान प्रचंड मोदी लहर के बावजूद यहां की तीन में से दो सीटों, दुमका और राजमहल पर झामुमो ने कब्जा जमाया था, जबकि गोड्डा सीट बेहद कांटे के मुकाबले में भाजपा के खाते में गयी थी।

इस बार जहां भाजपा ने इन तीनों सीटों पर कब्जे के लिए अपना सब कुछ झोंक दिया है, वहीं झामुमो भी अपने इस गढ़ को बचाने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा चुका है। भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा अध्यक्ष अमित शाह, गृह मंत्री राजनाथ सिंह, रेल मंत्री पीयूष गोयल और अन्य बड़े केंद्रीय नेता यहां का दौरा कर चुके हैं, जबकि झामुमो के दिशोम गुरु और उनके राजनीतिक उत्तराधिकारी सह कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन यहां लगातार कैंप कर रहे हैं। सूबे के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने 12 मई के बाद से यहां लगातार कैंप कर रहे हैं प्रचार कर रहे हैं। मतदान से तीन दिन पहले इन तीनों सीटों का माहौल बताता है कि मिशन संथाल में जुटी पार्टियां कहीं न कहीं से आश्वस्त नहीं हैं। भाजपा और झामुमो की आशंकाएं अलग-अलग हैं, कारण भी अलग हैं। ऐसा पहली बार हो रहा है कि संथाल के चुनाव की भविष्यवाणी इतनी मुश्किल हो गयी है।

हर तरफ चुनावी माहौल, लेकिन कोई भी आश्वस्त नहीं

हर तरफ चुनावी माहौल, लेकिन कोई भी आश्वस्त नहीं

संथाल परगना के केंद्र दुमका संसदीय क्षेत्र के जामताड़ा में इन दिनों माहौल पूरी तरह राजनीतिक है। जगह-जगह भाजपा और झामुमो के समर्थक चुनावी चर्चा में मशगूल दिखते हैं। इन चर्चाओं के केंद्र में चुनाव परिणाम ही होता है, लेकिन किसी भी चर्चा में वह आत्मविश्वास नहीं दिखता है। झामुमो के लोग भी आशंकित हैं, तो भाजपा समर्थक भी आश्वस्त नहीं हैं। इन दोनों चर्चाओं से अलग रहनेवाले पेशे से व्यवसायी राधेश्याम बताते हैं कि इस बार मुकाबला कांटे का है। अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है। लंबे समय से अलग-अलग दलों के लिए काम करनेवाले मिथिलेश भी यही कहते हैं। वह बताते हैं कि ऐसा पहली बार हो रहा है कि संथाल परगना के बारे में लोग कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं हैं। क्या गुरुजी एक बार फिर जीतेंगे, इस सवाल पर वह कहते हैं, सब कुछ 23 मई को ही पता चलेगा। स्टेशन के बाहर खड़े रिक्शा चालक मो तस्लीम से जब पूछा गया कि किसका पलड़ा भारी है, तो वह कहते हैं, बता नहीं सकते। कमोबेश यही स्थिति बाबा वैद्यनाथ की नगरी देवघर की है, जो गोड्डा संसदीय क्षेत्र में आता है। टावर चौक के पास शाम के समय सब्जी बेच रही महिला दमयंती ने कहा, कुछ नहीं कह सकते। यहां तक कि भाजपा के लोग भी कुछ बताने से झिझकते हैं। राजमहल संसदीय क्षेत्र के बरहेट में हालांकि लोग तीर-धनुष के अलावा कोई दूसरी चीज नहीं जानते, फिर भी खुल कर नहीं कहते कि यहां का रण कौन जीतेगा।

यह भी पढ़ें- झारखंड की गोड्डा लोकसभआ सीट से जुड़ी जानकारी के लिए यहां क्लिक करें

झामुमो की वोटरों को बूथ तक ले जाने वालों की कमी से परेशानी

झामुमो की वोटरों को बूथ तक ले जाने वालों की कमी से परेशानी

संथाल परगना की इस अनिश्चितता के अलग-अलग कारण हैं। झामुमो के लोग इस बात को लेकर आशंकित हैं कि उनके मतदाताओं को इस बार बूथ तक लाने की जिम्मेदारी कौन संभालेगा। संथाल परगना, खास कर दुमका में अब तक यही होता रहा है कि राजनीतिक दल इलाके में सक्रिय ठेकेदारों और अन्य दबंगों को मतदाताओं को बूथ तक पहुंचाने का जिम्मा देकर निश्चिंत हो जाते थे। इस बार पुरानी स्थिति नहीं हैं। लोग भी जागरूक हुए हैं और ठेकेदार-दबंग भी। इस बार वोट की सौदेबाजी पिछली बार की तरह नहीं हुई है। ये ठेकेदार-दबंग अब यह सोचने लगे हैं कि यदि वे दूसरों को चुनाव जिता सकते हैं, तो फिर खुद ही चुनाव मैदान में क्यों न उतर जायें। उनकी इसी सोच ने इस बार उनकी भूमिका को बहुत हद तक कम कर दिया है। इसलिए यह कहा जा सकता है कि इस बार मतदान का प्रतिशत देख कर कम से कम दुमका के परिणाम की संभावनाओं के बारे में कुछ कहा जा सकता है। कहा तो यह भी जाता है कि प्रशासन के सख्त रवैये के कारण वोट के ठेकेदार इस बार चुनाव परिदृश्य से बाहर हैं। इसलिए खास कर झामुमो के सामने चुनौती अपने मतदाताओं को बूथ तक लाने की है।

भाजपा के सामने ज्यादा जोगी मठ उजाड़ वाले हालात से निबटने की चुनौती

भाजपा के सामने ज्यादा जोगी मठ उजाड़ वाले हालात से निबटने की चुनौती

दूसरी तरफ भाजपा की परेशानी यह है कि उसके पास जोगियों की भीड़ है और वह 'ज्यादा जोगी मठ उजाड़' वाली स्थिति से जूझ रही है। इसके साथ ही दुमका में उसके प्रत्याशी का राजनीतिक ढीलापन भी उसके लिए परेशानी पैदा कर रही है। यह हकीकत है कि पिछले पांच साल में संथाल के हर विधानसभा क्षेत्र में टिकट के कई दावेदार खड़े हो गये हैं। राजमहल, बोरियो, बरहेट, लिट्टीपाड़ा, पाकुड़, महेशपुर, शिकारीपाड़ा, दुमका, जामा, जरमुंडी, नाला, जामताड़ा, मधुपुर, सारठ, देवघर, पोड़ैयाहाट, गोड्डा और महगामा विधानसभा क्षेत्रों में फैले संथाल परगना की यही स्थिति है। भाजपा के सामने दुविधा यह है कि वह चुनाव का जिम्मा किसे सौंपे और चुनौती सभी को साथ लेकर चलने की है। एक को तरजीह मिलते ही दूसरा बिदक जा रहा है। इसका सीधा-सीधा असर चुनावी तैयारियों पर पड़ता दिख रहा है। हालांकि प्रधानमंत्री के आज के दौरे के बाद इस स्थिति में सुधार का भरोसा भाजपा नेताओं को है, लेकिन अब समय बहुत कम बच गया है। मुख्यमंत्री रघुवर दास खुद पिछले एक सप्ताह से संथाल के नेताओं-कार्यकर्ताओं से एक-एक कर मिल रहे हैं और लगातार संपर्क में हैं, लेकिन अब तक स्थिति बहुत संतोषजनक नहीं दिखती है।

दुमका में भाजपा प्रत्याशी का ढीलापन बन रहा मुद्दा

दुमका में भाजपा प्रत्याशी का ढीलापन बन रहा मुद्दा

जहां तक दुमका से भाजपा के प्रत्याशी सुनील सोरेन की बात है, तो उनका राजनीतिक ढीलापन उनका पीछा नहीं छोड़ रही है। लोग कहते हैं कि चुनाव हारने के बाद सुनील कभी इलाके में नजर नहीं आये। हालांकि सुनील सोरेन के समर्थक इससे इनकार करते हैं। वे कहते हैं कि सुनील सोरेन ने लगातार इलाके में काम किया है और लोगों से संपर्क में रहे हैं। इस बार वह गुरुजी को पटखनी देने में कामयाब होंगे। लेकिन इस दावे में उत्साह अधिक और भरोसा कम दिखता है। भाजपा के साथ एक सकारात्मक बात यह है कि उसके प्रत्याशी को झामुमो के हर कदम और उसकी रणनीति का अंदाजा है, क्योंकि सुनील कभी दुर्गा सोरेन के विश्वासपात्रों में रह चुके हैं। झामुमो अब भी इसी बात की कोशिश में लगा है कि किसी तरह उसके वोटर बूथों तक पहुंच जायें। गुरुजी शिबू सोरेन अपने खराब स्वास्थ्य के कारण अधिक नहीं बोल पाते हैं। पार्टी के दो नेता, विनोद पांडेय और मनोज सिंह लगातार उनकी परछाईं की तरह साथ रहते हैं। वहीं जामताड़ा में सुप्रियो भट्टाचार्य और मनोज पांडेय लगातार लगे हुए हैं। हेमंत सोरेन इन सबसे अलग पूरे संथाल का दौरा कर रहे हैं।

गोड्डा में निशिकांत की राह में प्रदीप यादव का कांटा

गोड्डा में निशिकांत की राह में प्रदीप यादव का कांटा

गोड्डा की तस्वीर कुछ दूसरी कहानी कहती है। भाजपा के निशिकांत दुबे लगातार तीसरी बार संसद पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं, तो महागठबंधन की ओर से झाविमो के प्रदीप यादव उन्हें चुनौती दे रहे हैं। इस बात में कोई संदेह नहीं कि निशिकांत ने काम भी किया है, लेकिन यह भी सच है कि उन्होंने दुश्मन भी बहुत पैदा कर लिये हैं, जो इस चुनाव में उन्हें भारी पड़ सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देवघर में हुई चुनावी रैली से स्थिति में बदलाव आने की संभावना भाजपा के लोग बताते हैं, लेकिन वे पूरी तरह आश्वस्त नहीं हैं। दूसरी तरफ प्रदीप यादव अपने खिलाफ लगाये गये आरोपों के बावजूद लोगों के बीच जा रहे हैं और उन्हें कांग्रेस के अलावा झामुमो का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। लेकिन उनके सामने चुनौती वोटरों को सहेजने और उन्हें बूथ तक लाने की है।राजमहल सीट पर हेमलाल मुर्मू पुराने राजनीतिक खिलाड़ी हैं, तो विजय हांसदा की छवि एक सुलझे हुए सांसद की है। विवादों से अलग रह कर विजय ने पिछले पांच साल में जो भी काम किया, उसे लोग याद करते हैं, जबकि हेमलाल की परेशानी यह है कि लोग उन पर •ारोसा नहीं कर पा रहे हैं। भाजपा के लोग यहां खूब पसीना बहा रहे हैं, लेकिन उन्हें इस पर भी विश्वास नहीं हो रहा है।

ममता का पीएम मोदी पर तीखा हमला, आरोप साबित करें नहीं तो जेल में डाल दूंगीममता का पीएम मोदी पर तीखा हमला, आरोप साबित करें नहीं तो जेल में डाल दूंगी

Comments
English summary
Lok sabha elections 2019: BJP and JMM political battle in the three seats of Santhal Pargana
देश-दुनिया की ताज़ा ख़बरों से अपडेट रहने के लिए Oneindia Hindi के फेसबुक पेज को लाइक करें
For Daily Alerts
तुरंत पाएं न्यूज अपडेट
Enable
x
Notification Settings X
Time Settings
Done
Clear Notification X
Do you want to clear all the notifications from your inbox?
Settings X
X