Shompen Tribe: अंडमान की शोम्पेन जनजाति ने पहली बार डाला वोट, चुनाव आयोग को कैसे मिली ये सफलता?
Andaman and Nicobar Islands Shompen Tribe first time exercised their voting rights: अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में शोम्पेन जनजाति के सात सदस्यों ने पहली बार अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया है। यह जनजाति ग्रेट निकोबार द्वीप समूह के विशेष रूप से कमजोर जनजातीय (PVTGs) में शामिल है।
चुनाव आयोग के अधिकारियों के मुताबिक ग्रेटर निकोबार द्वीप समूह में शोम्पेन जनजाति के सात मतदाताओं ने शुक्रवार को पहले चरण के मतदान में इस केंद्र शासित प्रदेश के एकमात्र लोकसभा चुनाव क्षेत्र अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में मतदान किया।

शोम्पेन जनजाति का पहली बार मतदान
दिलचस्प बात ये है कि शोम्पेन जनजाति के सदस्यों ने वन विभाग के कर्मचारियों के क्वार्टर के अंदर 'शोम्पेन हट' के नाम से बनाए गए मतदान केंद्र संख्या 411 पर न सिर्फ मतदान किया, बल्कि चुनाव आयोग की ओर से लगाए गए निर्धारित प्वाइंट पर तस्वीरें खिंचवाने के लिए भी खड़े हुए, जहां लिखा था- 'I vote for sure'.
चुनाव आयोग को कैसे मिली ये सफलता?
शोम्पेन जनजाति के लोगों की सहायता के लिए 'मैथियास' के नाम से जाने जाने वाले एक दुभाषिया की मदद ली गई। यह एक निकोबारी जनजाति का युवक था।

मुख्य चुनाव आयुक्त बीएस जगलान ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से कहा, 'यह पहली बार है कि शोम्पेन जनजाति के सात सदस्यों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया है। पहले हमने एक ट्रेनर की मदद से उन्हें ईवीएम और वीवीपैट की ट्रेनिंग दी थी। यह देखना अच्छा रहा कि वे जंगल से आए और पहली बार मतदान किया।'
ओंगे और ग्रेट अंडमानीज पहले भी कर चुके हैं मतदान
उन्होंने कहा, 'अन्य दो आदिम जनजातियों जैसे कि ओंगे और ग्रेट अंडमानीज ने भी 2019 के लोकसभा चुनाव अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था, लेकिन 98 शोम्पेन मतदाताओं में से सात शोम्पेन ने पहली बार ऐसा किया।'

शोम्पेन जनजाति के लोग कौन हैं?
शोम्पेन जनजाति ग्रेट निकोबार में पाई जाती है, जो इस द्वीप समूह में सबसे बड़ा है। यह मंगोलियन जाति के हैं। इस जनजाति के लोग बहुत ही शर्मीले स्वभाव के होते हैं। इनकी निकोबारियों से काफी घनिष्ठता रहती है। यह जनजाति शारीरिक रूप से काफी कमजोर हैं और इसलिए इन्हें विशेष रूप से कमजोर जनजातीय (PVTGs) समूह में शामिल किया गया है।
ओंगे जनजाति के मतदाताओं ने की अच्छी वोटिंग
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के रिटर्निंग ऑफिसर अर्जुन शर्मा ने कहा कि डुगोंग क्रीक जहां आरंभिक ओंगे जनजाति विशेष रूप से रहती है, वहां करीब 91% वोटिंग दर्ज हुई है। यह एक सुरक्षित वन क्षेत्र वाला इलाका है। उन्होंने कहा, '68 ओंगे में से 35 पुरुष और 27 महिलाओं को मिलाकर 62 ने वोट डाला।'
100% ग्रेट अंडमानीज वोटरों ने किया मतदान
वहीं स्ट्रेट द्वीप जो कि ग्रेट अंडमानीज के लिए विशेष प्रतिबंधित क्षेत्र है, वहां 100% वोटिंग हुई है। शर्मा ने कहा, '39 ग्रेट अंडमानीज में से सभी ग्रेट अंडमानीज ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया है।'
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह लोकसभा
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कुल 3,15148 मतदाता हैं। इनमें से 39 ग्रेट अंडमानीज जनजाति, 68 ओंगे जनजाति और 98 शोम्पेन जनजाति के मतदाता हैं। इस बार कुल 12 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें दो महिलाएं हैं। मुख्य मुकाबला कांग्रेस के मौजूदा सांसद कुलदीप राय शर्मा और बीजेपी के बिष्णु पद रे के बीच है।












Click it and Unblock the Notifications