Lok Sabha Election: खड़गे नहीं तो कौन होगा INDIA अलाइंस में PM फेस? शरद पवार ने बताया प्लान
Lok Sabha Election: लोकसभा चुनाव के कुछ ही महीने शेष रह गए हैं। ऐसे में सभी राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। वहीं, विपक्षी दलों के गुट 'इंडिया' में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के नाम पर सियासी गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। इस बीच, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के सुप्रीमो शरद पवार का बयान सामने आया है।
पवार ने कहा कि 1977 के लोकसभा चुनाव (आपातकाल के बाद) के दौरान किसी प्रधानमंत्री पद का चेहरा पेश नहीं किया गया था। पवार की टिप्पणी तब आई है, जब विपक्षी 'इंडिया' अलाइंस ने अभी तक आधिकारिक तौर पर प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार का ऐलान नहीं किया है। हालांकि, इंडिया अलाइंस के कुछ दलों ने कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे को विपक्षी गठबंधन के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में प्रस्तावित किया है।

पवार ने कहा कि चुनाव के बाद, मोरारजी देसाई को प्रधानमंत्री बनाया गया। अगर कोई चेहरा सामने नहीं रखा गया, तो कोई परिणाम नहीं होगा। अगर लोग बदलाव के मूड में हैं, तो वे बदलाव लाने के लिए निर्णय लेंगे।
पूनावाला ने कसा कांग्रेस पर तंज
इस बीच, बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पवार की टिप्पणियों का हवाला देते हुए कहा कि यहां तक कि कांग्रेस भी दीदी (पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी) द्वारा आगे बढ़ाए गए खड़गे जी के नाम से खुश नहीं थी। एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर कहा कि एक बार फिर बंटवारा खुलकर सामने आ गया है।
'खड़गे और नरेंद्र मोदी में बहुत बड़ा अंतर'
इससे पहले, यानी शुक्रवार को, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बीच बहुत बड़ा अंतर है, और आने वाले लोकसभा चुनावों में लोग फिर से मोदी का समर्थन करेंगे। मीडिया से बात करते हुए, पवार ने यह भी कहा कि वह बीजेपी और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के साथ अपने गठबंधन को धोखा नहीं देंगे।












Click it and Unblock the Notifications