2024 में विपक्ष से कौन देगा पीएम मोदी को टक्कर? RJD ने बता दिया पीएम कैंडिडेट का नाम
Nitish Kumar PM candidate: 2024 के लोकसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, बिहार की राजनीति भी हर रोज करवट बदल रही है। राज्यसभा में मनोज झा की सुनाई गई कविता 'कुआं ठाकुर का' पर मचे सियासी घमासान के बीच आरजेडी ने आगामी चुनाव में प्रधानमंत्री पद के लिए नीतीश कुमार का नाम आगे बढ़ा दिया है।
'आज तक' की रिपोर्ट के मुताबिक, आरजेडी विधायक और पार्टी के प्रवक्ता भाई विरेंद्र ने कहा है कि देश का अगला प्रधानमंत्री बिहार की धरती से आने वाला शख्स बनना चाहिए। साथ ही आरजेडी विधायक ने ये भी कहा कि नीतीश कुमार के अंदर प्रधानमंत्री बनने के लिए सारे गुण मौजूद हैं।

आपको बता दें कि नीतीश कुमार को विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' की तरफ से पीएम कैंडिडेट घोषित करने की मांग इससे पहले जेडीयू की तरफ से भी उठ चुकी है। हाल ही में जेडीयू अध्यक्ष ललन सिंह ने भी कुछ ऐसा ही कहा था। उन्होंने एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि नीतीश कुमार बिहार का नेतृत्व तो कर ही रहे हैं, लेकिन उनके अंदर देश का नेतृत्व करने की भी क्षमता है। ललन सिंह ने आगे कहा कि नीतीश कुमार अकेले ऐसे नेता हैं, जिनके ऊपर किसी तरह का कोई दाग नहीं है।'
नीतीश को क्यों माना जा रहा पीएम पद की रेस में आगे?
गौरतलब है कि विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' की अभी तक तीन बैठकें, पहली- पटना, दूसरी- बेंगलुरू और तीसरी- मुंबई में हो चुकी है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर अभी 'इंडिया' की तरफ से प्रधानमंत्री पद के लिए चेहरे का नाम नहीं बताया गया है, लेकिन नीतीश कुमार जिस तरह से विपक्षी दलों को एकजुट करने में लगे हैं, उसे देखते हुए उन्हें इस रेस में सबसे आगे माना जा रहा है। भाजपा भी लगातार विपक्षी गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए पूछ रही है कि विपक्ष अपने पीएम कैंडिडेट का नाम सामने रखे।












Click it and Unblock the Notifications