कांग्रेस नेता की भविष्यवाणी, '100 सीटें भी नहीं जीतेगी BJP', मोदी को हराने का प्लान भी बता दिया
Lok Sabha election 2024: भाजपा नेताओं के दावे के बीच कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने बता दिया है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भगवा पार्टी को कितनी सीटें मिलने वाली हैं।
BJP in lok sabha 2024: लोकसभा के अगले चुनाव में भले ही सालभर का वक्त हो, लेकिन 'चुनावी चकल्लस' अभी से होने लगी है। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के मंत्री और भाजपा के नेता तगड़े-तगड़े दावे करते हुए बता रहे हैं कि 2024 में भी 'आएगा तो मोदी ही'। वहीं, विपक्षी नेता भी 'कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक' छोटे-बड़े दलों को जोड़ते हुए नरेंद्र मोदी को हराने का चक्रव्यूह बनाने में लगे हैं।
इस बीच कांग्रेस के एक दिग्गज नेता और राज्यसभा सांसद ने 'भविष्यवाणी' करते हुए बताया है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को कितनी सीट मिलेंगी। बात हो रही है प्रमोदी तिवारी की, जिन्होंने ना केवल भाजपा को मिलने वाली सीटों की संख्या बताई है, बल्कि वो 'सुपर प्लान' भी बता दिया है, जिसके जरिए भाजपा को इतनी सीटों पर समेटा जाएगा।

प्रमोद तिवारी ने सोमवार को मीडिया से बात करते हुए कहा, 'भारतीय जनता पार्टी के लोगों को रात में सपना आता है और सुबह को बोल देते हैं। डरे हुए, सहमे हुए, घबराए हुए लोग...इनकी 100 सीटें नहीं आनी हैं, अगर...23 जून को जो प्रयास होने जा रहा है, वो कामयाब हो गया तो।'
कौन हैं प्रमोद तिवारी
प्रमोद तिवारी की गिनती कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में होती है। यूपी की रामपुर खास सीट से 9 बार विधायक चुने जा चुके प्रमोद तिवारी को इस बार फिर कांग्रेस ने राज्यसभा में भेजा है। साल 1984 से 1991 तक यूपी सरकार में प्रमोद तिवारी कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं।
23 जून को पटना में क्या होगा?
आपको बता दें कि 23 जून को पटना में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विपक्ष की बैठक बुलाई है, जिसमें कांग्रेस, समाजवादी पार्टी सहित कई बड़ी विपक्षी पार्टियों के नेता शामिल होंगे। इस बैठक की खास बात ये है कि नीतीश कुमार ने सभी दलों से अपने प्रमुख नेता को भेजने की अपील की है। ऐसे में माना जा रहा है कि पटना से विपक्ष एक बड़ा संदेश देने की कोशिश करेगा।












Click it and Unblock the Notifications