मेरठ में रामायण के 'राम' को अब सपा के अतुल प्रधान देंगे चुनौती, जानें राजनीतिक सफरनामा
Meerut arun govil vs Atul Pradhan: लोकसभा चुनाव-2024 में उत्तर प्रदेश की लोकसभा सीट मेरठ चर्चाओं में बनी हुई है। मेरठ में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार और रामायण के 'राम' अरुण गोविल के खिलाफ अब समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपने उम्मीदवार को बदल दिया है।

सपा ने अब मेरठ से सरधना से विधायक अतुल प्रधान को लोकसभा उम्मीदवार घोषित किया है। 41 वर्षीय नेता अतुल प्रधान गुजर्र समुदाय से आते हैं।
पहले सपा ने यहां से भानुप्रताप को उम्मीदवार बनाया था। वहीं बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने यहां से देवव्रत त्यागी को उम्मीदवार बनाया है। वहीं सपा ने आगरा लोकसभा सीट से सुरेश चंद कदम को उम्मीदवार बनाया है।
मेरठ से टिकट मिलने पर क्या बोले अतुल प्रधान?
अतुल प्रधान ने मेरठ से टिकट मिलने पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर का बदला हुआ नाम) पर लिखा है, ''समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्य्क्ष हमारे नेता आदरणीय अखिलेश यादव जी को हार्दिक धन्यवाद ! जिन्होंने मेरठ की महान जनता का आवाज बुलंद करने का एव सेवा का मौका दिय ! हम सब मिलकर गरीब-नौजवान-किसान के हक और न्याय के लिए निरंतर संघर्ष करेंगे ! जय_भीम , जय_समाजवाद।''
Atul Pradhan Political Career: जानिए अतुल प्रधान का राजनीतिक सफरनामा?
- अतुल प्रधान गुर्जर समाज से संबंध रखते हैं। अतुल प्रधान की गिनती वेस्ट यूपी में सपा के विश्वसनीय और तेजतर्रार नेताओं में होती है।
- अतुल प्रधान ने 2012 के विधानसभा चुनाव से सक्रिय राजनीति में कदम रखा था। वह सरधाना विधानसभा सीट से चुनाव लड़े थे और हार गए थे।
- अतुल प्रधान ने साल 2017 में फिर से सरधाना विधानसभा सीट से सपा के टिकट पर चुनाव लड़ा लेकिन फिर से बीजेपी के संगीत सिंह सोम से हार गए थे। हालांकि उनका वोट प्रतिशत बढ़ा था।
- अतुल प्रधान को 2022 के विधानसभा चुनाव में फिर से सपा-रालोद गठबंधन ने टिकट दिया और इस बार वो संगीत सिंह सोम से जीत गए थे।












Click it and Unblock the Notifications