Lok Sabha Election 2024: कांग्रेस के खिलाफ टिप्पणी KCR को पड़ी भारी, चुनाव आयोग ने भेजा नोटिस
Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 में चुनाव प्रचार के बीच कांग्रेस पर टिप्पणी करना भारत राष्ट्र समिति (BRS) के अध्यक्ष और तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव को भारी पड़ गया है। चुनाव आयोग ने BRS प्रमुख केसीआर को नोटिस जारी किया है।
चुनाव आयोग ने केसीआर को उनकी टिप्पणी को नोटिस जारी करते हुए जवाब मांगा है। आयोग ने केसीआर से 18 अप्रैल की सुबह 11 बजे तक अपना रुख स्पष्ट करने के लिए कहा है।

चुनाव आयोग का यह नोटिस केसीआर को उनकी 5 अप्रैल को सिरसिला में कांग्रेस पार्टी के खिलाफ की गई अपमानजनक टिप्पणी के बाद भेजा गया है। मालूम हो कि कांग्रेस नेता जी निरंजन की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए चुनाव आयोग ने यह एक्शन लिया है।
आयोग की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि आयोग को 6 अप्रैल को तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जी. निरंजन से एक शिकायत मिली है, जिसमें यह आरोप लगाया गया है कि राव ने सिरसिला में अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस पार्टी के खिलाफ अभद्र, अपमानजनक और आपत्तिजनक आरोप लगाए थे।
चुनाव आयोग के प्रधान सचिव अविनाश कुमार ने केसीआर को लिखे नोटिस में कहा, ''निर्धारित समय के भीतर आपकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने की स्थिति में, यह माना जाएगा कि आपको इस मामले में कुछ नहीं कहना है और चुनाव आयोग उचित कार्रवाई करेगा।"
आयोग ने 9 अप्रैल को राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) को पत्र लिखकर तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी। जिस पर सीईओ ने 10 अप्रैल को जिला चुनाव अधिकारी, राजन्ना सिरिसिला जिले की रिपोर्ट के साथ रिपोर्ट सौंपी। कुमार के मुताबिक, सीईओ द्वारा आयोग को भेजी गई तथ्यात्मक रिपोर्ट से पता चला है कि केसीआर ने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था। रिपोर्ट में केसीआर द्वारा कांग्रेस नेताओं को धमकी देने का भी हवाला दिया गया है।
कुमार ने कहा कि आयोग ने केसीआर को 2019 और 2023 के चुनावों सहित पहले भी कई बार चेतावनी दी थी। उन्होंने याद दिलाया कि केसीआर न केवल बीआरएस के अध्यक्ष हैं बल्कि तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री भी हैं और उनसे आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों और आयोग के दिशानिर्देशों और सलाह का पालन करने की उम्मीद की जाती है।












Click it and Unblock the Notifications