Lok Sabha Election 2024: बीजेपी में टिकट के लिए दिग्गजों की हुई पहचान? एक IPS समेत सामने आए 20 नाम
भारतीय जनता पार्टी इस बार के लोकसभा चुनाव में पार्टी के कई ऐसे दिग्गजों को चुनाव मैदान में उतार सकती है, जो राज्यसभा में हैं। ऐसी चर्चा लंबे समय से चल रही है, लेकिन अब कुछ बड़े नाम सामने आ रहे हैं।
फिलहाल ऐसे 20 संभावित नाम हैं, जो इस बार बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं, इनमें से एक वह नाम भी है, जिसने एक दिन पहले ही आईपीएस से इस्तीफा दिया है।

चर्चित आईपीएस आनंद मिश्रा ने दिया इस्तीफा
भाजपा में चल रही अटकलों के बीच असम के लखीमपुर के चर्चित एसपी आनंद मिश्रा ने भारतीय पुलिस सेवा (IPS) से बुधवार को इस्तीफा दे दिया है, जिसके बाद यह अटकलें तेज हो गई हैं कि वे भी भाजपा के उम्मीदवार हो सकते हैं।
बक्सर सीट पर हो सकती है आनंद मिश्रा की नजर-रिपोर्ट
वैसे असम के मुख्य सचिव को लिखी चिट्ठी में उन्होंने अपने इस्तीफे का कारण 'जीवन में सामाजिक और व्यक्तिगत लक्ष्य' बताया है। उन्होंने ईटी से यह भी कहा है कि 'फिलहाल मैं राजनीति नहीं ज्वाइन कर रहा हूं।'
हालांकि, एक सूत्र के मुताबिक मिश्रा की नजर बिहार के बक्सर से टिकट लेने पर है। उसके मुताबिक, 'मिश्रा ब्राह्मण हैं और चौबे (केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे-70 वर्ष) भी अपनी सीट से स्वाभाविक दावेदार हैं। मिश्रा ने इलाके में अपनी मौजूदगी बढ़ाई है। वह छात्रों को मुफ्त में कोचिंग दे रहे हैं।'
संघ प्रमुख से भी मुलाकात की अटकलें
सोशल मीडिया पर मिश्रा काफी लोकप्रिय हैं। वह अपनी फिटनेस और गिटार बजाने की कला के चलते लोगों की पसंद रहे हैं। वे मूल रूप से बक्सर के पड़ोसी आरा जिले के रहने वाले हैं, जहां से पूर्व गृह सचिव और केंद्रीय मंत्री आरके सिंह सांसद हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक मिश्रा असम की माजुली द्वीप में आरएसएस चीफ मोहन भागवत से भी मुलाकात कर सकते हैं।
दिग्गज मंत्रियों और राज्यसभा सांसदों को टिकट देने की अटकलें तेज
हाल ही नई दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक संपन्न हुई है, जिसके बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि बीजेपी कुछ केंद्रीय मंत्रियों और राज्यसभा सांसदों से लोकसभा चुनाव लड़ने को कह सकती है।
अब मीडिया रिपोर्ट में ऐसे कुछ बड़े नाम के साथ-साथ उनके लिए संभावित लोकसभा सीटें भी सामने आई हैं, जहां से भारतीय जनता पार्टी अपने दिग्गजों को सीधा जनता से वोट मांगने के लिए कह सकती है।
इनमें से कुछ नाम ऐसे हैं, जिसकी चर्चा वनइंडिया अपनी पिछली रिपोर्ट में भी कर चुका है।
1) चेन्नई से निर्मला सीतारमण
2) मुंबई दक्षिण या यूपी के मेरठ से पीयूष गोयल
3) एमपी के गुना या ग्वालियर से ज्योतिरादित्य सिंधिया
4) ओडिशा के संभलपुर से धर्मेंद्र प्रधान
5) राजस्थान के अलवर से भूपेंद्र यादव
6) गुजरात के भावनगर से मनसुख मंडाविया
7) पंजाब के अमृतसर से हरदीप सिंह पुरी
8) केरल की किसी सीट या बेंगलुर दक्षिण से राजीव चंद्रशेखर
9) बिहार के बेगूसराय से राकेश सिन्हा
10) यूपी के फिरोजाबाद या मेरठ से डॉ अनिल जैन
11) मथुरा से अरुण सिंह
12) आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा से जीवीएल नरसिम्हा
13) हरियाणा के फरीदाबाद से सुरेंद्र सिंह नागर
14) यूपी के बलिया से नीरज शेखर
15) कानपुर या रायबरेली से सुधांशु त्रिवेदी
16) छत्तीसगढ़ के दुर्ग से सरोज पांडे
17) तमिलनाडु की किसी सीट से एल मुरुगन
18) केरल के तिरुवनंतपुर से वी मुरलीधरन और
19) उत्तर प्रदेश की बदायूं सीट से बीएल वर्मा।
20वें नाम के तौर पर आनंद मिश्रा का नाम संभावित है, क्योंकि उनके इस्तीफे और बीजेपी में टिकटों के लिए उम्मीदवारों की चर्चा में तालमेल नजर आ रहा है। वैसे फिलहाल वह इससे इनकार कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications