2019 लोकसभा चुनाव: अनंत कुमार हेगड़े ने बंदर, लोमड़ी से की विपक्ष की तुलना, मोदी को बताया टाइगर
नई दिल्ली। बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े ने एक बार फिर से कुछ ऐसी टिप्पणी की है जिसको लेकर सियासत गरमा सकती है। केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष की तुलना कौआ, बंदर और लोमड़ी से की है, वहीं पीएम मोदी को टाइगर बताया है। अनंत कुमार हेगड़े ने कर्नाटक में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि एक तरफ कौआ, बंदर, लोमड़ी और अन्य एक साथ आ गए हैं, जबकि दूसरी तरफ टाइगर है। 2019 के लोकसभा चुनाव में टाइगर को ही चुनें। अनंत कुमार हेगड़े के इस बयान पर विपक्षी दलों ने नाराजगी जताई है।
कर्नाटक में एक कार्यक्रम दौरान अनंत हेगड़े ने की टिप्पणी
2019 के लोकसभा चुनाव को लेकर सभी सियासी दलों ने रणनीति बनानी शुरू कर दी है। इसी के साथ सियासी बयानबाजी का दौर भी तेज होने लगा है। 28 जून को कर्नाटक के करवार में एक कार्यक्रम के दौरान अनंत कुमार हेगड़े ने विवादित बयान देते हुए कहा कि एक तरफ कौआ, बंदर, लोमड़ी और अन्य एक साथ आ गए हैं, जबकि दूसरी ओर टाइगर है। 2019 में सभी लोग टाइगर को ही चुनें।
'हम 70 साल तक सत्ता में रहे होते तो आप चांदी की कुर्सियों पर बैठे होते'
अनंत कुमार हेगड़े ने आगे कहा कि हम प्लास्टिक कुर्सियों पर बैठे हैं ना? कार्यक्रम में मौजूद लोगों से पूछते हुए उन्होंने ये सवाल किया। उन्होंने आगे कहा कि हम प्लास्टिक की कुर्सियों में पर बैठे हैं, यह कांग्रेस शासन के कारण है। अगर हम 70 साल तक सत्ता में रहे होते तो आप चांदी की कुर्सियों पर बैठे होते।
2019 चुनाव को लेकर बयानबाजी तेज
केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े के बयान पर कर्नाटक में सियासी पार्टियों ने सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस और जेडीएस ने हेगड़े को केंद्रीय मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की है। बता दें कि अनंतज कुमार हेगड़े पहले भी कई विवादित बयान दे चुके हैं। राहुल गांधी के मंदिर जाने को लेकर उन्होंने टिप्पणी करते हुए इसे 'खोटा हिंदुत्ववाद' कहा था।