संसद का वीडियो शेयर करने के मामले में लोकसभा कमेटी का भगवंत मान को नोटिस
संसद का वीडियो बनाने के मामले में लोकसभा कमेटी ने आप सांसद को 28 तारीख का समन जारी किया है।
नई दिल्ली। पंजाब के संगरूर लोकसभा सीट से आम आदमी पार्टी के सांसद भगवंत मान को लोकसभा कमेटी ने समन जारी किया है। ये समन मान द्वारा संसद का वीडियो बनाकर उसे फेसबुक पर शेयर करने के मामले की जांच कर रही समिति ने दिया है।

भगवंत मान ने जुलाई में एक वीडियो फेसबुक पर शेयर किया था, 11 मिनट के इस वीडियों में संसद में किस तरह से जाते हैं, कहां चैकिंग होती है और कहां कितने सुरक्षाकर्मी रहते हैं, जैसी बातें बताई गईं थीं।
मान ने कहा था कि उन्होंने ये वीडियो बच्चों के समान्य ज्ञान को बढ़ाने के लिए बनाया लेकिन उनके वीडियो को संसद की सुरक्षा से खिलवाड़ मानते हुए लोकसभा स्पीकर ने उनके खिलाफ जांच कमेटी बनाई थी।
लोकसभा स्पीकर ने भगवंत मान के कारनामे की जांच के लिए किरीट सोमैया की अध्यक्षता में नौ सदस्यीय कमेटी बनाई। कमेटी को मान ने अपना जवाब भी दे दिया था।
इस वीडियो के फेसबुक पर शेयर करने के बाद से भगवंत मान को लोकसभा की कार्रवाई में हिस्सा लेने की इजाजत नहीं मिली है। हाल ही में भगवंत मान ने संसद में इसको लेकर धरना भी दिया था।
सुरक्षा एजेंसियों ने क्यों माना था वीडियो को खतरनाक?
भगवंत मान के संसद की वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करने के बाद सुरक्षा एंजेसियों ने इस पर संज्ञान लिया था। गृह मंत्रालय ने भी इस पर नाराजगी जताई थी।
इस वीडियो के बाद गृह मंत्रालय ने संसद की सुरक्षा का पूरा ताना-बाना बदलने की भी बात कही थी। इसकी वजह 2001 में संसद पर हुआ हमला है।
दरअसल 13 दिसंबर 2001 को संसद के गेट नम्बर एक से सफेद कार से आतंकवादी दाखिल हुए थे, लेकिन अंदर पहुंचने के बाद संसद के भीतर कैसे घुसना है इस बारे में आतंकवादियों को कोई जानकारी नहीं थी इसीलिए वो अंदर दाखिल नहीं हो पाए।
सुरक्षा एंजेसियों ने इस पर चिंता जताते हुए कहा था कि संसद के भीतर की जानकारी इस वीडियो के से पता की जा सकता है। ऐसे में ये वीडियो सुरक्षा के लिहाज से खतरा है।












Click it and Unblock the Notifications