दिल्ली-NCR में बिगड़ा मौसम का मिजाज, धूल भरी आंधी के साथ-साथ बारिश
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में रविवार रात धूल भरी आंधी ने दस्तक दी। दिल्ली-NCR में तेज आंधी के बाद बारिश शुरू हो गई। रविवार रात को मौसम अचानक खराब हो गया। दिल्ली-एनसीआर में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने लगी। वहीं बीच-बीच में हल्की बारिश भी हो रही है।
मौसम विभाग ने इसे लेकर पहले से चेतावनी जारी की थी, जिसके मुताबिक दिल्ली, रोहतक, जींद, गोहाना, पानीपत, सोनीपत, मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, भिवारी, मानेसर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, बल्लभगढ़ और इससे सटे आसपास के इलाकों में मौसम खराब रहा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने रात 8 बजे मौसम को लेकर रिपोर्ट जारी की थी,जिसमें मौसम खराब होने की संभावना जताई थी।
आपको बता दें कि दिल्ली-एनसीआर में रविवार की सुबह तेज धूप रही। अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। शाम होते-होते मौसम बदलने लगा और रात 9 बजे के करीब धूल भरी आंधी के साथ-सात हल्की बारिश शुरू हो गई।