Tejashwi Wedding: एलेक्सिस और तेजस्वी के रिश्ते पर लालू को था ऐतराज, ये थी वो बड़ी वजह
नई दिल्ली, 9 दिसंबर: देश के मोस्ट एलिजिबल बैचलर और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव शादी के बंधन में बंध गए हैं। उन्होंने गुरुवार को एयरहोस्टेस रहीं एलेक्सिस के साथ सात फेरे लिए। इससे पहले बुधवार को उनकी रिंग सेरेमनी हुई थी। वैसे तेजस्वी हर बार शादी की बात आते ही माता-पिता की ओर इशारा कर देते थे, लेकिन बहुत कम लोग ही जानते हैं कि एलेक्सिस से उनकी दोस्ती 6 साल पुरानी है। अब कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि तेजस्वी के पिता लालू यादव इस शादी से खुश नहीं थे।

ईसाई लड़की से रिश्ता
दरअसल एलेक्सिस ईसाई परिवार से आती हैं, सूत्रों के मुताबिक इसी वजह से तेजस्वी प्रताप यादव के पिता लालू इस शादी के लिए राजी नहीं थे। जब परिवार के अन्य सदस्यों से बात हुई, तो वो भी तेजस्वी की तरफ नहीं आए। हालांकि तेजस्वी ने शादी की जिद पकड़े रखी और अंत में परिवार को ही झुकना पड़ा। इसके बाद गुरुवार को करीबी दोस्तों और रिश्तेदारों की मौजूदगी में उन्होंने एलेक्सिस के साथ शादी रचाई।

एयरहोस्टेस थीं एलेक्सिस
वहीं तेजस्वी की दुल्हन एलेक्सिस ने बतौर एयरहोस्टेस अपने करियर की शुरुआत की थी। हालांकि कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि वो अब ये काम नहीं करती हैं। उनके पिता चंडीगढ़ के एक स्कूल में प्रिंसिपल थे, जबकि वो खुद दिल्ली के वसंद विहार में रहती हैं। सूत्रों ने बताया कि दोनों एक-दूसरे को 6 साल से जानते थे। इसी वजह से तेजस्वी का पटना से दिल्ली काफी आना-जाना लगा रहता था।

लालू के झुकने की ये भी वजह
लालू प्रसाद यादव जब जेल में बंद थे, तो तेजस्वी ने पार्टी को डगमगाने नहीं दिया। पहले तो वो नीतीश कुमार के साथ सरकार बनाते हुए डिप्टी सीएम बने। फिर पार्टी को अच्छे से संभालते हुए पिछले चुनाव में एनडीए गठबंधन को कड़ी टक्कर दी। लालू कई मौकों पर तेजस्वी को अपना राजनीतिक उत्तराधिकारी भी बता चुके हैं। उन्हें और राबड़ी देवी को अच्छे से पता है कि तेजस्वी के अलावा परिवार में पार्टी सही से चलाने वाला कोई नहीं है। इसी वजह से लालू बेटे की जिद मान गए।

पहले बताया था राजश्री नाम
पहले तेजस्वी के करीबी लड़की का नाम राजश्री बता रहे थे। साथ ही उनका पता हरियाणा बताया गया, लेकिन अब सभी बातों से पर्दा उठ गया है। उन्होंने अपनी बहन के फॉर्म हाउस में 7 फेरे लिए, जहां पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में ये भी दावा किया गया कि एलेक्सिस पहले हिंदू थीं, बाद में उनके परिवार ने ईसाई धर्म अपनाया, लेकिन अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।












Click it and Unblock the Notifications