पंजाब में आटा चक्की में बाल फंसने से महिला का सिर शरीर से अलग, मौत
नई दिल्ली। पंजाब में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां एक 30 वर्षीय महिला की आटा चक्की में फंसकर मौत हो गई है। दरअसल महिला का सिर आटा की चक्की में फंस गया, जिसके बाद उसका सिर शरीर से अलग हो गया और महिला की मौके पर ही मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार यह घटना पंजाब के फिरोजपुर की है, जहां महिला अपने पति के साथ आटा चक्की पर काम करती थी।
रिपोर्ट के अनुसार मृत महिला की पहचान बलजीत कौर के रूप में हुई है, वह सेखवान गांव की रहने वाली थीं। घटना के वक्त महिला के पति आटा चक्क पर एक ग्राहक के आने के बाद बाहर गए थे, तभी बलजीत के बाल मशीन में फंस गए। जिसके बाद महिला का सिर चक्की में फंस गया और वह शरीर से अलग हो गया। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। जीरा पुलिस स्टेशन के एएसआई बलविंदर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और धारा 174 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
बता दें कि इसी तरह की एक घटना उत्तर प्रदेश के महोबा में सामने आई थी, जहां महिला की साड़ी आटा चक्की में फंसने की वजह से मौत हो गई थी। जानकारी के अनुसार महोबा के पनवाड़ी थाना क्षेत्र में लोधीपुरा गांव में रहने वाले दिली आटा चक्की चलाते थे। चक्की चलने के दौरान जब दिलीप की चाची सुशीला आटा चक्की के पास गं तो उनकी साड़ी पट्टे में फंस गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।