'कुर्सी बचाने के लिए', बजट पर खड़गे का बड़ा आरोप, विपक्ष ने क्यों किया राज्यसभा से वॉकआउट
Mallikarjun Kharge News: कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार (24 जुलाई) को कहा कि केंद्रीय बजट से केवल भाजपा सहयोगियों के हितों की पूर्ति हुई है। यह बजट सिर्फ और सिर्फ कुर्सी बचाने के लिए था। "यह बजट केवल अपने सहयोगियों को संतुष्ट करने के लिए है। उन्होंने आम जनता को कुछ नहीं दिया है।" विपक्ष ने बजट को 'भेदभावपूर्ण' बताते हुए राज्यसभा से वॉकआउट कर दिया है।
बुधवार को सत्र शुरू होने के कुछ ही मिनट बाद विपक्ष ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पिछले दिन पेश किए गए 'भेदभावपूर्ण' बजट के विरोध में राज्यसभा से वॉकआउट कर दिया। बजट सिर्फ कुछ चुनिंदा लोगों को खुश करने के लिए बनाया गया है।

मल्लिकार्जुन खड़गे बोले- बजट से दो राज्यों को छोड़कर सभी राज्यों की थाली खाली रही
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, "मैं इस बात पर जोर देना चाहता हूं कि कल मंगलवार पेश किए गए बजट से किसी भी राज्य को कोई फायदा नहीं हुआ। दो राज्यों को छोड़कर सभी राज्यों की थाली खाली रही। न तो तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र, पंजाब, हरियाणा और न ही दिल्ली को कुछ मिला। यह बजट सिर्फ कुछ लोगों को खुश करने और कुर्सी बचाने के लिए बनाया गया है। हमें कुछ नहीं मिला है और इसलिए कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक पूरा भारत इसका विरोध करेगा।''
विपक्ष के आरोपों पर क्या बोलीं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण?
विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि हर बजट में "देश के हर राज्य का नाम लेने का मौका नहीं मिलता।" उन्होंने कहा, "अगर भाषण में किसी विशेष राज्य का नाम लिया जाता है, तो क्या इसका मतलब यह है कि सरकार के कार्यक्रम उन राज्यों तक नहीं पहुंचते? यह कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्ष का लोगों को यह आभास देने का जानबूझकर किया गया प्रयास है कि हमारे राज्यों को कुछ नहीं दिया गया है।"












Click it and Unblock the Notifications