राम रहीम की पैरोल अर्जी पर कुमार विश्वास का तंज, कहा- खेती नहीं करेगा तो....
नई दिल्ली। रेप और हत्या के केस में सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम ने पैरोल की अर्जी दी है, जिसमें उसने खेतीबाड़ी करने का हवाला दिया है। राम रहीम की रिहाई के लिए हरियाणा सरकार ने भी उसके 'अच्छे आचरण' का हवाला दिया है जबकि जेल प्रशासन ने भी राम रहीम के पक्ष में अपनी रिपोर्ट दी है। वहीं, राम रहीम के पैरोल के मामले पर विवाद बढ़ता जा रहा है। कवि डॉ. कुमार विश्वास ने राम रहीम के पैरोल के बहाने नेताओं पर तंज कसा है।
राम रहीम की अर्जी पर कुमार विश्वास ने कसा तंज
कुमार विश्वास ने ट्वीट कर तंज कसा, 'हत्या-बलात्कार के आरोप में न्यायालय द्वारा सिद्ध मुजरिम राम-रहीम 'खेती' करने के लिए सरकारी-अनुमति पा कर जेल से बाहर आना चाहता है। सही बात है, चार महीने बाद चुनाव है वो 'खेती' नहीं करेगा तो राजनेता 'फसल' कैसे काटेंगे?' गुरमीत राम रहीम अब तक जेल में 23 महीने की सजा काट चुका है। जेल प्रशासन ने उसकी पैरोल की अर्जी को सिरसा के डिप्टी कमिश्नर के पास भेज दिया है।
हरियाणा सरकार ने भी की है रिहाई की सिफारिश
पिछले दिनों, राम रहीम के पैरोल को लेकर हरियाणा के जेल मंत्री कृष्ण पंवार ने कहा था कि जेल में राम रहीम का आचरण अच्छा रहा है और ऐसी रिपोर्ट एसपी जेल ने दी है। जेल अधिकारियों ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि राम रहीम का 'आचरण अच्छा' रहा है और जेल में उसका किसी से विवाद नहीं हुआ है। दो साल पहले पंचकुला कोर्ट ने राम रहीम को रेप केस में सजा सुनाई थी।
|
रेप और हत्या के केस में सजा काट रहा है राम रहीम
बलात्कार के दोषी होने के अलावा राम रहीम पर एक पत्रकार राम चंदर छत्रपति की हत्या का आरोप भी लगा था, इस केस में भी अदालत ने राम रहीम को दोषी ठहराया था। सीबीआई की विशेष अदालत ने राम रहीम समेत तीन आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। वहीं, राम रहीम की रिहाई को हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनाव से भी जोड़कर देखा जा रहा है क्योंकि राम रहीम के अनुयायी बड़ी संख्या में हैं। अब राम रहीम के पैरोल का मामले पर सियासत गरमाने लगी है।