Kolkata Tragedy: गृह मंत्रालय का सभी राज्यों को निर्देश, हर 2 घंटे में कानून-व्यवस्था की दें अपडेट
Kolkata Tragedy: कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी महिला डॉक्टर के साथ कथित तौर पर यौन शोषण और हत्या के बाद पूरे देश में इस घटना को लेकर आक्रोश है। देशभर में लोग इस घटना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों से हर दो घंटे में हालात की जानकारी देने को कहा है।
गृह मंत्रालय ने 16 अगस्त को सभी राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों को पत्र लिखकर पुलिस बलों से नियमित अपडेट मांगा है। मंत्रालय ने कहा कि पश्चिम बंगाल के कोलकाता में हुई घटना के बाद देशभर में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कानून व्यवस्था पर व्यापक निगरानी रखने का फैसला लिया गया है।

लिहाजा हर दो घंटे घंटे पर प्रदेश की कानून व्यवस्था की जानकारी आज 4 बजे तक व्हाट्सएप, ईमेल, फैक्स के जरिए देने का कष्ट करें। बता दें कि केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष को तीसरी बार पूछताछ के लिए बुलाया है।
इससे पहले सीबीआई ने संदीप घोष से 16 अगस्त को 15 घंटे, 17 अगस्त को 13 घंटे के लिए पूछताछ की थी। आज एक बार फिर से संदीप घोष सीबीआई के सामने 11 बजे पेश होंगे। इस दौरान उनसे घटना से जुड़े कई और सवाल पूछे जा सकते हैं।
इससे पहले सीबीआई ने घोष से पूछा था कि घटना की रात वो कहां थे, उन्होंने घटना की जानकारी मिलने के बाद क्या किया, परिवार को कब और कैसे सूचित किया। सीबीआई ने उस रात ड्यूटी पर मौजूद अन्य अस्पताल कर्मचारियों के बयानों के साथ उनके बयानों का क्रॉस-रेफरेंस किया। सीबीआई अधिकारी ने बताया कि घोष के कुछ जवाब स्पष्ट नहीं थे।
घोष के अलावा सीबीआई ने 40 लोगों की सूची में से 20 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की है। इस सूची में घटना से जुड़े डॉक्टर और पुलिस अधिकारी शामिल हैं। जांच का उद्देश्य उस रात क्या हुआ इस बारे में व्यापक जानकारी जुटाना है।
चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े तमाम वर्ग के लोग लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। देशभर में हो रहे विरोध प्रदर्शन को देखते हुए गृह मंत्रालय का निर्देश स्थिति की गंभीरता और विभिन्न राज्यों में सार्वजनिक व्यवस्था पर इसके संभावित प्रभाव को दर्शाता है।
इस दुखद घटना ने चिकित्सा पेशेवरों और नागरिकों के बीच व्यापक आक्रोश पैदा कर दिया है। जिस तरह से इस जघन्य अपराध से जुड़ी जानकारियां सामने आ रही हैं, लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है और न्याय की मांग तेज हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications