कोलकाता: 25 करोड़ के पुराने नोट बदलने वाला बिजनेसमैन गिरफ्तार
ईडी ने एक दिसंबर को कई हवाला कारोबारियों के यहां छापेमारी की। ये सभी कालेधन को सफेद करने में जुटे थे। ये कारोबारी पुराने नोटों के बदले नए नोट कमीशन लेकर उपलब्ध करा रहे थे।
कोलकाता। नोटबंदी के बाद कालाधन उजागर करने में जुटी एजेंसियां एक के बाद एक बड़े खुलासे कर रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को बिजनेसमैन पारसमल लोढ़ा को 25 करोड़ रुपये के पुराने नोटों को नए नोटों से बदलने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

ईडी ने एक दिसंबर को कई हवाला कारोबारियों के यहां छापेमारी की। ये सभी कालेधन को सफेद करने में जुटे थे। ये कारोबारी पुराने नोटों के बदले नए नोट कमीशन लेकर उपलब्ध करा रहे थे।
देश के बड़े शहरों में छापेमारी
हवाला कारोबारियों के खिलाफ चलाए अभियान में ईडी ने दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, हैदराबाद, बेंगलुरु, अहमदाबाद और चेन्नई समेत कई शहरों में छापेमारी की। इन सभी जगहों पर खुफिया सूचना के बाद कार्रवाई की गई।
करोड़ों रुपये हो चुके हैं जब्त
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से नोटबंदी की घोषणा किए जाने के दो दिन बाद शुरू हुई छापेमारी की कार्रवाई में इनकम टैक्स विभाग और ईडी ने अब तक करोड़ों रुपये जब्त किए हैं। इनमें हवाला कारोबारी, बिजनेसमैन, ज्वैलर भी शामिल हैं।
स्कूटी में पैसा ले जा रहे तीन गिरफ्तार
उधर, कर्नाटक पुलिस ने नई करंसी के 30 लाख रुपये के नोटों के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। वे स्कूटी में पैसा लेकर जा रहे थे। तीनों से पूछताछ की जा रही है।
छत्तीसगढ़ के धमतारी में दो नक्सल समर्थकों को 3.5 लाख रुपये के नए नोटों के साथ गिरफ्तार किया गया। मध्य प्रदेश में छतरपुर जिले के लवकुशनगर में दो लोगों को 2000 रुपये के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया गया है। ग्वालियर में भी दो लोगों को 500 रुपये के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications