खादी का कारोबार 1.87 लाख करोड़ रुपये पहुंचा, अब 2.51 लाख करोड़ का लक्ष्य: मनोज गोयल
KVIC प्रमुख पीएम मोदी के अधीन खादी और ग्रामोद्योग में महत्वपूर्ण प्रगति पर प्रकाश डालते हैं, जो रोजगार, सशक्तिकरण, आधुनिक डिजाइन और डिजिटल कॉमर्स पर जोर देते हैं। प्रमुख पहलों में EZEV, NIFT के साथ खादी 2.0, और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देते हुए पारंपरिक शिल्पों को वैश्विक बाजारों से जोड़ना शामिल है।
खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग (KVIC) के अध्यक्ष मनोज गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले एक दशक के दौरान खादी और ग्रामोद्योग क्षेत्र ने उल्लेखनीय प्रगति की है। खादी अब केवल स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत नहीं रह गई है, बल्कि रोजगार सृजन, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सतत विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बनकर उभरी है।

मनोज गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ के आह्वान से खादी को देश और दुनिया में नई पहचान मिली है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में खादी एवं ग्रामोद्योग क्षेत्र का कारोबार 1.87 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है और आयोग का लक्ष्य इसे बढ़ाकर 2.51 लाख करोड़ रुपये तक ले जाना है। उन्होंने कहा कि खादी एवं ग्रामोद्योग क्षेत्र देश में 2 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध करा रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।
KVIC अध्यक्ष ने बताया कि खादी क्षेत्र में कारीगरों की आय बढ़ाने के लिए भी लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि करीब 12 वर्ष पहले चरखे पर सूत कातने की मजदूरी जहां 4 रुपये प्रति हैंक थी, उसे बढ़ाकर अब 15 रुपये प्रति हैंक किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि कारीगरों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना खादी क्षेत्र के विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके लिए उत्पादन से लेकर विपणन तक की पूरी व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
‘एक जिला, एक विरासत’ से स्थानीय कौशल को मिलेगा बाजार
मनोज गोयल ने ‘एक जिला, एक विरासत (EZEV)’ की अवधारणा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश के प्रत्येक जिले की कला, खादी, ग्रामोद्योग और पारंपरिक कौशल को आर्थिक पहचान में बदलने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आधुनिक डिजाइन, डिजिटल तकनीक, ई-कॉमर्स और वैश्विक बाजार से स्थानीय उत्पादों एवं पारंपरिक विरासत को जोड़कर इन्हें बड़े आर्थिक अवसरों में बदला जा सकता है।
तकनीकी और संस्थागत ढांचे को किया जा रहा मजबूत
KVIC अध्यक्ष के अनुसार खादी क्षेत्र में तकनीकी और संस्थागत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। पूनी संयंत्रों के आधुनिकीकरण और सूचना प्रौद्योगिकी अवसंरचना में सुधार से उत्पादन, गुणवत्ता और विपणन व्यवस्था को नई गति मिल रही है। उन्होंने कहा कि तकनीक के इस्तेमाल से खादी के उत्पादन और विपणन की क्षमता बढ़ाने के साथ उत्पादों की गुणवत्ता को भी बेहतर किया जा रहा है।
फैशन और डिजिटल कॉमर्स से जुड़ रही खादी
मनोज गोयल ने कहा कि खादी अब आधुनिक फैशन, डिजाइन और डिजिटल कॉमर्स का हिस्सा बन रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खादी फॉर फैशन’ अभियान ने नई पीढ़ी के बीच खादी को लोकप्रिय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि खादी को युवाओं की पसंद के अनुरूप आधुनिक डिजाइन और नए उत्पादों के साथ बाजार में पेश किया जा रहा है।
NIFT के सहयोग से ‘खादी 2.0’ को बढ़ावा
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (NIFT) के सहयोग से ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर खादी 2.0’ की स्थापना की गई है। यह केंद्र आधुनिक डिजाइन, अनुसंधान और उत्पाद विकास के माध्यम से खादी को नए बाजारों और नई पीढ़ी से जोड़ने की दिशा में काम कर रहा है।
मनोज गोयल ने विश्वास जताया कि परंपरा और आधुनिक तकनीक के बेहतर समन्वय से खादी भविष्य में भारत की रचनात्मक, सांस्कृतिक और सतत अर्थव्यवस्था की प्रमुख ताकत बन सकती है। उन्होंने कहा कि खादी का विस्तार न केवल ग्रामीण रोजगार को बढ़ावा देगा, बल्कि भारत की स्थानीय विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।


Click it and Unblock the Notifications
