Lok Sabha Election: केरल के मुसलमानों, ईसाइयों में 10 वर्षों में क्या बदलाव आया? राजीव चंद्रशेखर का बड़ा दावा
Kerala Lok Sabha Election 2024: केरल की तिरुवनंतपुरम सीट से बीजेपी उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने आरोप लगाया है कि प्रदेश के लोगों में भाजपा के खिलाफ एक डर की भावना पैदा की गई थी। लेकिन,10 वर्षों के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल ने इसे गलत साबित कर दिया है।
'मुसलमानों-ईसाइयों में बीजेपी के खिलाफ डर पैदा किया गया था'
चंद्रशेखर ने कहा, 'कई वर्षों तक लोगों में यह जहर भरा गया कि बीजेपी एक उत्तर भारतीय पार्टी और सांप्रदायिक पार्टी है। केरल में काफी मुसलमान और ईसाई हैं और उनमें कई वर्षों तक बीजेपी को लेकर डर पैदा किया गया।'

जनता कांग्रेस और वामपंथियों का झूठ पकड़ने लगी है-राजीव चंद्रशेखर
उन्होंने आगे कहा, 'लेकिन, पिछले 10 वर्षों में नरेंद्र मोदी जी ने दिखाया है कि कैसे प्रत्येक भारतीय, चाहे उसका धर्म, लिंग, जाति जो भी हो, उसे विभिन्न कार्यक्रमों और योजनाओं का लाभ मिला है। जनता कांग्रेस और वामपंथियों के झूठ को पकड़ने लगी है।'
'तिरुवनंतपुरम में 15 साल से एक सांसद, फिर भी कुछ नहीं हुआ'
उन्होंने तिरुवनंतपुरम सीट पर वीआईपी के बीच लड़ाई नहीं होने, बल्कि दो विचारधाराओं की जंग बताया है। उनका कहना है, 'मैं नहीं जानता कि यह वीआईपी सीट क्यों है। मुझे लगता है कि सबसे अहम बात ये है कि यह एक ऐसी सीट है, जहां 15 साल से एक सांसद हैं और क्षेत्र में कुछ भी नहीं हुआ है। मैं एक ऐसा उम्मीदवार हूं जो तिरुवनंतपुरम के लोगों के लिए प्रगति, विकास, निवेश और रोजगार लाने के लिए प्रतिबद्ध है।'
दो विचारधारों का संघर्ष - भाजपा उम्मीदवार
उन्होंने आगे कहा, 'मैं इसे वीआईपी की लड़ाई की तरह नहीं देखता, बल्कि दो विचारधारों के संघर्ष की तरह देखता हूं। एक है नरेंद्र मोदी की परफॉर्मेंस की राजनीति, देश को आगे बढ़ाना और अधिक अवसर उपलब्ध करवाना और दूसरी तरफ कांग्रेस है, जिसने पिछले कई वर्षों में कितने सारे वादे किए हैं, लेकिन किया कुछ भी नहीं है।'
विजयन, राहुल पर निशाना
उन्होंने आरोप लगाया है कि केरल और तिरुवनंतपुरम में कानून-व्यवस्था और राज्य के कुछ इलाकों में उग्रवाद में वृद्धि को लेकर भी चिंता बढ़ रही है। उन्होंने कहा, 'हाल ही में सीपीएम सरकार ने हमास के संस्थापक को भी मुस्लिम युवाओं को संबोधित करने की अनुमति दे दी, जिसका मैंने विरोध किया, क्योंकि हमारे बच्चे चाहे वे मुसलमान, ईसाई या हिंदू हों, उन्हें कट्टरपंथी नहीं बनाना चाहिए। विजयन और राहुल गांधी में यह साबित करने की होड़ लगी है कि ज्यादा बीजेपी-विरोधी कौन है।'
'केरल सरकार ने अर्थव्यवस्था की ऐसी-तैसी कर दी'
उन्होंने सीपीएम सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिनराई विजयन ऐसे सरकार के मुखिया हैं, जिससे सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि उसने अर्थव्यवस्था की ऐसी-तैसी कर दी है और कर्मचारियों के वेतन नहीं दिए हैं। 'असल मुद्दों पर चर्चा के बचाए विजयन जैसे पुराने नेता टॉपिक को सांप्रदायिकता की ओर मोड़ देते हैं।'
केरल की सभी 20 लोकसभा सीटों पर दूसरे चरण में 26 अप्रैल को चुनाव है। तिरुवनंतपुरम सीट इसलिए हाई-प्रोफाइल हो गई है, क्योंकि यहां से कांग्रेस के तीन बार के सांसद शशि थरूर के खिलाफ भाजपा ने केंद्रीय मंत्री चंद्रशेखर को उतारा है। (इनपुट-एएनआई)












Click it and Unblock the Notifications