केरल: भारत में मंकीपॉक्स की पहली मरीज रिकवर, चेहरे के धब्बे भी हुए ठीक
नई दिल्ली, 30 जुलाई: पूरी दुनिया कोरोना वायरस के डर से अभी उबरी भी नहीं थी कि अब मंकीपॉक्स ने टेंशन बढ़ा दी है। कुछ दिनों पहले केरल में भारत का पहला मामला मिला था। अब केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने शनिवार को इसको लेकर एक राहत भरी खबर दी। उनके मुताबिक जिस मरीज को मंकीपॉक्स था, वो ठीक हो चुकी है। उसकी ताजा रिपोर्ट भी निगेटिव आई।

स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक कोल्लम की रहने वाली 35 वर्षीय महिला में मंकीपॉक्स के लक्षण दिखे थे। इसके बाद उसकी जांच करवाई गई, जिसमें रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद तिरुवनंतपुरम के सरकारी मेडिकल कॉलेज में उनको भर्ती करवाया गया। वहां पर इलाज के बाद वो पूरी तरह से स्वस्थ हो चुकी हैं। जिस वजह से उन्हें रविवार को छुट्टी दे दी गई। उनके दो सैंपल लिए गए थे, दोनों निगेटिव आए। उनका मानसिक स्वास्थ्य भी पूरी तरह से सही है। इसके अलावा इस बीमारी में उनके चेहरे पर धब्बे पड़ गए थे, इलाज के बाद वो भी हट गए।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एहतियात के तौर पर मरीज के घर वालों की भी जांच की थी। उन सभी की भी रिपोर्ट निगेटिव आई है। उन्होंने आगे कहा कि ये देश में मंकीपॉक्स का पहला मामला था, इसलिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी (एनआईवी) के निर्देशों के अनुसार 72 घंटे के अंतराल पर दो बार परीक्षण किए गए। वहीं दो अन्य व्यक्तियों में भी ये वायरस पाया गया था। उनकी भी स्थिति संतोषजनकर है, जल्द ही उन्हें भी डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।
तैयार हो रही वैक्सीन
आपको बता दें कि अब भारत मंकीपॉक्स की वैक्सीन तैयार करने में जुट गया है। पुणे स्थित नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ वीरोलोजी की ओर से बुधवार को कहा गया कि उन्होंने सफलतापूर्वक मंकीपॉक्स के मरीजे से इसके वायरस को लेकर क्लीनिकल स्पेसीमेन को आइसोलेट कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications