केरल: अनिश्चितकालीन हड़ताल पर गए राज्य के सरकारी डॉक्टर
तिरुवनंतपुरम। केरल में एक डॉक्टर के निलंबन और ओपीडी समय बढ़ाने के खिलाफ राज्य के सरकारी डॉक्टर शुक्रवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। हड़ताल की वजह से मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। द केरल गवर्नमेंट मेडिकल ऑफिसर्स एसोसिएशन (केजीएमओए) ने अस्पतालों में ओपीडी समय को सुबह नौ बजे से लेकर शाम छह बजे तक करने के खिलाफ हड़ताल का आह्वान किया था। आपको बता दें कि पहले ओपीडी समय दोपहर तक ही था।
डॉक्टरों की मांग हैं कि पहले अस्थाई डॉक्टरों को स्थायी किया जाए। वहीं इस हड़ताल पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के के शैलजा का कहना है कि यह विरोध प्रदर्शन सरकार की 'अर्द्रम मिशन' कार्यक्रम को असफल बनाने के लिए शुरू किया गया है। बता दें कि राज्य के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए केरल सरकार ने अर्द्रम मिशन योजना की शुरुआत की थी।