केरल गोल्ड स्मगलिंग केस में एनआईए ने पांच और को बनाया आरोपी, अब तक हो चुकी 21 गिरफ्तारी
केरल गोल्ड स्मगलिंग केस में एनआईए ने पांच और लोगों को बनाया आरोपी, चार इस समय यूएई में
नई दिल्ली। केरल के गोल्ड स्मगलिंग मामले में नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) ने पांच और लोगों को आरोपी बनाया है। जिन पांच लोगों पर केस में आरोपी बनाया गया है, उनमें से चार संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में हैं। इन लोगों को खोजने और देश में लाने के लिए एनआई ने इंटरपोल से संपर्क किया गया है। इस मामले में एनआईए के इन पांच लोगों को आरोपी बनाने के बाद कुल आरोपियों की संख्या अब 35 हो गई है। अभी तक 21 लोगों को इस मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है।

इस साल जुलाई में तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर करीब 15 करोड़ कीमत का 30 किलोग्राम सोना जब्त किया था। सोना शौचालयों में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों से भरे बैग में रखा हुआ था। इसके बाद इस मामले की जांच शुरू की गई। ये मामला संयुक्त अरब अमीरात के तिरुवनंतपुरम स्थित वाणिज्य दूतावास के एक अधिकारी के नाम का इस्तेमाल कर राजनयिक सामान के जरिए सोने की तस्करी की कोशिश से जुड़ा है। केरल के मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव एम शिवशंकर का नाम भी इसमें आया है।
एनआईए ने इस मामले में गैर कानूनी गतिविधि रोकथाम कानून के तहत सुरेश, सरिथ पीएस, संदीप नायर और फैजल फरीद सहित कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए), सीमा शुल्क विभाग और प्रवर्तन निदेशालय समेत केंद्रीय एजेंसियां इस मामले में अलग अलग जांच कर रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications