केरल: शादी से मना किया तो लड़के ने बीच सड़क लड़की को किया आग के हवाले
नई दिल्ली। केरल के थिरुवला में 18 वर्ष के लड़के को पुलिस ने एक लड़की को आग के हवाले करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। दरअसल लड़की ने जब लड़के के शादी के प्रस्ताव को ठुकरा दिया तो आरोपी ने लड़की को आग के हवाले कर दिया। जानकारी के अनुसार आरोपी का नाम अजिन रेजी मैथ्यू है, वह केरल के पथनमथिट्टा के कुंबनाद इलाके का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी लड़के को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर पुलिस ने धारा 302 यानि हत्या का मामला दर्ज किया है।
एक शीर्ष पुलिस अधिकारी ने बताया कि अजिन ने इस घटना को अंजाम देने के लिए लड़की के कॉलेज के बाहर सड़क पर खड़ा होकर इंतजार किया। मंगलवार की सुबह जब लड़की वहां आई तो आरोपी ने उसके उपर पेट्रोल फेंक दिया और उसे आग के हवाले कर दिया। आरोपी के पास एक रस्सी का टुकड़ा भी था, वह इस घटना के बाद आत्महत्या करना चाहता था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जैसे ही वहां के लोगों ने लड़की को जलते देखा तो उसे बचाने के लिए दौड़े और उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
लड़की 60 फीसदी तक झुलस गई है, उसकी हालत अस्पताल में काफी संवेदनशील है। स्थानीय लोगों ने आरोपी को घटनास्थल पर ही पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस पूरी घटना को अंजाम देने के लिए आरोपी ने पहले से ही योजना बनाई थी। वहीं आरोपी का कहना है कि पिछले कुछ सालों से वह लड़की के साथ संबंध में था, लेकिन हाल फिलहाल में दोनों के बीच संबंध में खराब हो गए थे।