CM योगी बोले-शाहीन बाग में प्रदर्शनकारियों को 'बिरयानी' खिला रही है केजरीवाल सरकार
नई दिल्ली। दिल्ली के नरेला में शनिवार को यूपी के मुख्यमंत्री और बीजेपी के स्टार प्रचारक योगी आदित्यनाथ ने चुनावी सभा को संबोधित किया। रैली में योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को आरोप लगाया कि अरविन्द केजरीवाल सरकार शाहीन बाग में प्रदर्शनकारियों को 'बिरयानी' बांट रही है। जो लोग कश्मीर में आतंकवादियों का समर्थन करते हैं, वे शाहीन बाग में प्रदर्शन कर रहे हैं और 'आजादी' के नारे लगा रहे हैं।
उत्तरी दिल्ली के रोहिणी में एक चुनाव रैली के दौरान योगी ने दिल्ली की आप सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि दिल्ली के शाहीन बाग में जो बैठे हैं उन्होंने यूपी में भी एक दिन स्थित बिगाड़ने का प्रयास किया था। हमने उनसे एक-एक पाई वसूल की। लेकिन दिल्ली की केजरीवाल सरकार उन्हें बिरयानी खिला रही है। योगी आदित्यनाथ ने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि, केजरीवाल जैसे नमूनों ने दिल्ली का बेड़ा गर्क कर दिया है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण और यमुना की बदतर स्थिति के लिए केजरीवाल जिम्मेदार है।
उन्होंने कहा कि, यहां पैसा दिल्ली के विकास के लिए नहीं खर्च होता, पैसा खर्च होता है देश के विरोध में साजिश करने वाले प्रदर्शनों में होता है। दिल्ली में प्रदर्शन और पाकिस्तान के मंत्री का केजरीवाल को समर्थन एक कड़ी से जुड़े हैं। दुनिया में भारत महाशक्ति बनेगा तो पाकिस्तान का नाम दुनिया के नक्शे से खत्म हो जाएगा। योगी ने कहा कि दिल्ली में ऐसी सरकार बने जो यहां के विकास के साथ ही राष्ट्र के स्वाभिमान को बढ़ा सके। मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा का एक कार्यकर्ता दिल्ली को आगे बढ़ाएगा।
इससे पहले पूर्वी दिल्ली में करावल नगर चौक पर एक अन्य रैली को संबोधित करते हुए भाजपा नेता ने संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) विरोधी प्रदर्शनकारियों पर निशाना साधते हुए कहा, उनके (प्रदर्शनकारियों) पूर्वजों ने भारत को बांटा, इसलिए उन्हें इस उभरते 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' से दिक्कत है। उन्होंने दावा किया, दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में हो रहे ये प्रदर्शन सीएए को लेकर नहीं हैं, बल्कि इसलिए हो रहे हैं क्योंकि उन्हें भारत के विश्व में बड़ी ताकत के रूप में उभरने से दिक्कत है।
Budget 2020: निर्मला ने पढ़ा अब तक का सबसे लंबा बजट भाषण, तबीयत खराब होने के चलते छोटी की स्पीच