केबीसी में पहुंचे इस कंटेस्टेंट ने ही पूछ लिया अमिताभ बच्चन से सवाल, मुश्किल में पड़ गए बिग बी
मुंबई। सोनी टीवी पर प्रसारित होने वाले शो कौन बनेगा करोड़पति-11 ने हाल के दिनों में अगर सुर्खियां बटोरी हैं, तो इसके पीछे वजह है इस शो में आने वाले कंटेस्टेंट और उनके द्वारा सवाल-जवाब के सिलसिले के बीच की जाने वाली रोचक बातें। केबीसी के 6वें हफ्ते के 32वें एपिसोड में अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर ऐसे की एक कंटेस्टेंट बैठे। शो के दौरान अभिषेक झा ने एकबारगी बिग बी को परेशानी में डाल दिया।

बिग बी से सवाल पूछने की इजाजत मांगी
दरअसल, अभिषेक ने केबीसी में पहले बिग बी से सवाल पूछने की इजाजत मांगी। जब अमिताभ बच्चन ने इसकी परमिशन दे दी तो अभिषेक ने उनसे बड़ा ही अजीब सवाल किया। अभिषेक ने केबीसी-11 में अमिताभ बच्चन से पूछा कि एक फिल्म आई थी बॉम्बे टॉकिज। इस फिल्म में आपने खुद ही अपना किरदार निभाया था। इस दौरान फिल्म में जब एक शख्स टैक्सी से आपके घर जाता है तो उसे 5000 रु किराया देना पड़ता है।

'क्या स्टेशन से आपके घर तक का किराया 5 हजार रु है?'
अभिषेक ने पूछा, 'मैं आपसे जानना चाहता हूं कि क्या वाकई स्टेशन से आपके घर तक का किराया 5 हजार रु है। इस सवाल के जवाब में अमिताभ बच्चन कहते हैं कि बड़े-बड़े शहरों में रास्ते लंबे होते हैं तो कभी-कभी इतना किराया लग जाता है। अभिषेक हालांकि, बिग बी के जवाब से संतुष्ट नहीं होते हैं। वे कहते हैं कि फिल्म में ऑटो ड्राइवर ने तो कहा था कि अगर किसी खान, खन्ना या कपूर के घर जाना होता हो 500 में भी छोड़ देता लेकिन बच्चन साहब के यहां आए तो इसलिए 5 हजार रु ले रहे हैं।

अभिषेक अब तक 6.40 लाख जीत चुके हैं
अभिषेक की ये बात सुनकर अमिताभ बच्चन हंसने लगते हैं। केबीसी में पहुंचे अभिषेक ने अपने बारे में बताया कि वे बचपन से हकलाने की समस्या से जूझ रहे हैं। इसके कारण उन्हें कई दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। अभिषेक ने बताया कि उनके परिवार ने उनका पूरा सपोर्ट किया और इसी वजह से वो केबीसी में पहुंच पाए। पंजाब के रहने वाले अभिषेक ने बड़े ही शानदार तरीके से अमिताभ के साथ अब तक गेम खेला है। अभिषेक अब तक 6.40 लाख रु की धनराशि जीत चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications