कठुआ रेप पीड़िता के पिता बोले, अब जानवर भले लगते हैं, इंसानों से डर लगने लगने लगा
श्रीनगर। जम्मू के कठुआ में बलात्कार के बाद कत्ल कर दी गई आठ साल की बच्ची के पिता का कहना है कि यकीन नहीं होता कोई इंसान ऐसा कर सकता है। लड़की के पिता ने कहा कि वो जंगल में पशुओं को चराने वाले लोग हैं, उनके लिए खतरा हमेशा जंगली जानवर रहे हैं लेकिन जानवरों ने कभी ऐसा नुकसान नहीं किया। उनको तो अब इंसानों से डर लगने लगा है। आपको बता दें कि बच्ची को जब अगवा किया गया तो वो अपने पशुओं को लेकर चराने ही गई थी, जहां से उठाकर उसे एक मंदिर में रखा गया, उससे रेप किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई।

बच्ची भला क्या जाने हिन्दू-मुसलमान
जम्मू कश्मीर के कठुआ में 8 वर्षीय रेप पीड़िता के 35 साल के पिता ने अखबार द इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में कहा 'उसे अपने हाथ में ये पता नहीं था कि दायां हाथ कौन सा है और बायां हाथ कौन सा है। ऐसे में उसे ये क्या समझ होगी कि हिन्दू क्या है और मुसलमान क्या होता है।' बच्ची के पिता ने कहा, उसकी मां ने कह रही थी कि इस बार बच्ची को किसी प्राइवेट एकेडमी में एडमिशन दिलाएंगे। उन्होंने कहा कि 'हमने यह नहीं सोचाा था कि हम अपनी बच्ची को डॉक्टर बनाएंगे, टीचर बनाएंगे। हमने इतनी बड़ी सो रखी नहीं थी। हमने तो यह सोच रखा था कि पढ़ जाएगी तो अपने को देख लेगीी। अपना वक्त गुजार लेगी, रहने का तरीका बदल जाएगा। खूबसूरत थी किसी अच्छे घर में चली जाएगी।'

'मंदिर में बच्ची से रेप मुझे रुलाता है'
बच्ची के पिता ने कहा कि यह बात और ज्यादा दिल तोड़ देती है कि मेरी बच्ची को देवस्थान में यातना दी गई। मैं रोज वहां से गुजरता था। हमने कभी देवस्थान में खोज करने की सोचा भी नहीं। हम उस जगह को बहुत ही पवित्र मानते हैं कभी सोचा नहीं था कि वहां भी ऐसा कुछ हो सकता है। पीड़िता के पिता ने कहा कि हमारी सबसे बड़ी अदालत अल्लाह की अदालत है। जिसमें हर किसी का फैसला होता है। हमने उसी अदालत पर छोड़ दिया है कि जो करेगा मेरा रब करेगा। इस घटना के बाद बच्ची के परिवार ने अपनी भेड़, बकरियों और घोड़ों के साथ कारगिल की ओर जाने का फैसला किया है।

देशभर में है घटना पर गुस्सा
कठुआ मामले को लेकर देशभर में भारी गुस्सा है। पूरे देश में लोग सड़कों पर उतर कर मामले पर दुख और गुस्सा जता रहे हैं। इस मामले को लेकर शु्क्रवार को पीएम मोदी ने भी दुख जताया है और इसे शर्मसार करने वाला बताया है। मोदी ने कहा कि जिस तरह की घटनाएं हाल के दिनों में हुई हैं वो बतौर समाज व देश हमें शर्मसार करने वाली हैं। आपको बता दें कि हाल के दिनों में कठुआ, उत्तर प्रदेश, बिहार से महिलाओं पर अत्याचार और यौन हिंसा के मामले सामने आए हैं।












Click it and Unblock the Notifications