कर्नाटक के विजयपुरा में निजी जेट हुआ क्रैश, मैंगलोर गांव के खेत में गिरा विमान, दो लोग हुए घायल
Karnataka Vijayapura Private jet crashed: कर्नाटक के विजयपुरा जिले में रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब रेड बर्ड कंपनी का एक निजी जेट विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हादसा बालेश्वर तालुका के मैंगलोर गांव के पास हुआ, जहां विमान एक खेत में गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया।
विमान में सवार दो लोग इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत व जांच कार्य शुरू कर दिया गया है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

कैसे प्राइवेट जेट हुआ क्रैश?
शुरूआती जांच के अनुसार विमान कालबुर्गी के पास हवा में संतुलन खोने लगा था। पायलट ने विमान को नियंत्रित करने की भरसक कोशिश की, लेकिन तकनीकी समस्या के चलते वह मैंगलोर गांव के नजदीक दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
क्या ईधन खत्म होने की वजह से जेट हुआ क्रैश?
अब तक की प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि विमान में ईंधन की कमी हो सकती है, जिसके चलते यह हादसा हुआ। हालांकि, इस संबंध में अभी तक किसी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीजीसीए के अनुसार, रेडबर्ड फ्लाइंग ट्रेनिंग एकेडमी लिमिटेड के सेसना 172 विमान वीटी-ईयूसी (एमएसएन-17265717) को बागलकोट (बेलगावी से 100 किमी पूर्व) हवाई अड्डे के पास एक मैदान में जबरन लैंडिंग करनी पड़ी।
रेडबर्ड एविएशन ने साधी है चुप्पी
विमान रेडबर्ड एविएशन से जुड़ा बताया जा रहा है, लेकिन घटना को लेकर फिलहाल कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों पर स्पष्टता आ सकेगी।
पायलट और ट्रेनी पायलट घायल
इस हादसे में विमान में सवार दो लोग घायल हुए हैं, जिनकी पहचान पायलट और ट्रेनी पायलट के रूप में हुई है। राहत की बात यह रही कि दोनों की जान बच गई और उन्हें समय पर चिकित्सा सहायता मिल गई।
प्रशिक्षण उड़ानों के लिए इस्तेमाल होता है यह विमान
रेडबर्ड एविएशन भारत की जानी-मानी फ्लाइट ट्रेनिंग अकादमी है, जो पायलटों को प्रशिक्षण देने के लिए सेसना 172 टैंगो चार्ली जैसे आधुनिक विमानों का उपयोग करती है। यह अकादमी बारामती, बेलगावी और सियोनी स्थित अपने बेस से प्रशिक्षण सेवाएं प्रदान करती है।
ऑटोपायलट सिस्टम से लैस होता है विमान
सेसना 172 एसपी मॉडल में एक बेसिक ऑटोपायलट सिस्टम मौजूद होता है, जिसकी मदद से विमान को तय दिशा में उड़ाया जा सकता है। यह सिस्टम वीओआर और आईएलएस जैसे नेविगेशन मोड को पकड़ने के साथ-साथ ऊंचाई को स्थिर रखने में भी सहायक होता है।शुरुआती जांच में ईंधन की कमी की आशंका












Click it and Unblock the Notifications