मैसूर गैंगरेप: एक और मंत्री ने दिया विवादित बयान, कहा- आए दिन होती रहती हैं ऐसी घटनाएं
बेंगलुरु, 26 अगस्त: कर्नाटक के मैसूर में मंगलवार को एक दुखद घटना हुई, जहां 5 लोगों ने मिलकर कॉलेज की एक छात्रा के साथ हैवानियत की। इसके साथ ही आरोपियों ने लड़की के दोस्त पर जानलेवा हमला किया। हद तो तब हो गई जब कर्नाटक के गृहमंत्री अरागा ज्ञानेंद्र ने पीड़िता को ही घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया। साथ ही उससे पूछा कि वो शाम 7 बजे उस इलाके में क्या कर रही थी? उनके बयान पर विवाद शांत भी नहीं हुआ था कि अब दूसरे मंत्री शिवराम हेब्बार ने इस मामले पर विवादित बयान दिया है।

मैसूर गैंगरेप पर मंत्री हेब्बार ने कहा कि आए दिन रेप की ऐसी घटनाएं होती रहती हैं। अन्य सरकारों के समय में भी घटनाएं हुईं। ये बातें काफी समय से हो रही हैं। ऐसा नहीं है कि ऐसी घटनाएं तभी हो रही हैं जब हमारी पार्टी (बीजेपी) सत्ता में आई। उन्होंने आगे कहा कि पहले भी महिलाओं को निशाना बनाया जा चुका है। अपराध करने वाले ऐसे दुष्ट व्यक्ति समाज में हमेशा होते हैं। ये एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। जिसमें सीएम ने गृहमंत्री को जांच के आदेश दिए हैं।
वहीं विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि घटना के बाद से लगातार कांग्रेस गृहमंत्री और सीएम से इस्तीफे की मांग कर रही है, ये मांग पूरी तरह से राजनीतिक है। कर्नाटक सरकार ने आश्वसन दिया है कि वो सभी आरोपियों पर कार्रवाई करेगी। इसके अलावा पीड़िता को भी जरूरी मदद उपलब्ध करवाई जाएगी।
गृहमंत्री ने मांगी माफी
वहीं दूसरी ओर गृहमंत्री अरागा ज्ञानेंद्र ने अपने बयान पर माफी मांग ली है। उन्होंने कहा कि मैंने उसे अपनी बेटी के रूप में देखा और तड़प रहा था। अगर मैंने जो कहा उससे किसी को ठेस पहुंची है, तो मैं बयान वापस लेता हूं और माफी मांगता हूं।












Click it and Unblock the Notifications