Karnataka: खड़गे के बाद अब उनके बेटे का पीएम मोदी पर विवादित बयान, कहा- 'नालायक बेटा'
कर्नाटक विधानसभा चुनाव के बीच मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे प्रियंका ने एक विवादित बयान दिया है। उन्होंने पीएम मोदी को नालायक बेटा कहा।

कर्नाटक में चुनावी घमासान जारी है। हाल ही में वहां पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी पर विवादित टिप्पणी की थी। जिसका बीजेपी ने खूब विरोध किया। वो मामला शांत भी नहीं हुआ था कि अब खड़गे के बेटे प्रियांक ने पीएम मोदी को लेकर कुछ ऐसा कह दिया कि उस पर विवाद खड़ा हो गया।
दरअसल कर्नाटक के गुलबर्गा में कांग्रेस की बंजारा समुदाय की रैली थी। जिसमें प्रियांक खड़गे भी पहुंचे। वहां पर उन्होंने पीएम मोदी पर कहा कि जब आप गुलबर्गा आए थे, तो आपने इस समुदाय के लोगों से कहा था कि चिंता ना करें। आपने ये भी कहा कि दिल्ली में बंजारे का बेटा बैठा हुआ है।
उन्होंने आगे कहा कि पीएम मोदी खुद को बंजारा समुदाय का बेटा बता रहे, लेकिन आप बताइए अगर बेटा नालायक है, तो घर कैसे चलेगा? उन्होंने आरोप लगाया कि पीएम ने खुद को बंजारा बताकर आरक्षण की समस्या खड़ी कर दी।
बीजेपी ने जताई आपत्ति
वहीं दूसरी ओर इस बयान के बाद से बीजेपी कांग्रेस पर हमलावर है। मामले में बीजेपी प्रवक्ता प्रकाश एस ने कहा कि प्रियांक इस बयान के बाद अपने पिता से आगे निकल गए। उनको इसके लिए पीएम मोदी से माफी मांगनी चाहिए।
वहीं बीजेपी नेता चलवाडी नारायणस्वामी ने कहा कि इनका मुंह खराब है। क्या यह चुनाव के लिए जरूरी है? खड़गे जी के लिए मेरे मन में बहुत सम्मान है क्योंकि मैंने उनके साथ काम किया है। वो बेंगलुरु में ऐसे नहीं थे, लेकिन मुझे नहीं पता कि दिल्ली में क्या हुआ। अब उनके बेटे ने भी यही काम शुरू किया है।
नारायमस्वामी ने आगे कहा कि प्रियांक ने हमारे पीएम को कुछ अपशब्द कहे। इसका असर निश्चित रूप से चुनाव पर पड़ेगा। हम लोगों की अदालत में हैं, वे सोचेंगे और फैसला करेंगे।
क्या था खड़गे का बयान?
कांग्रेस अध्यक्ष पर आरोप लगे थे कि उन्होंने पीएम मोदी की तुलना 'जहरीले सांप' से की। इसके साथ उन्होंने कन्नड़ में कहा था कि आप सोच सकते हैं कि ये जहर हैं या नहीं। लेकिन अगर आप इसे चाटते हैं तो आप मर जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications