मुख्यमंत्री कुमारस्वामी के बेटे को हराने के बाद बोलीं सुमालता- आसान नहीं था सीएम के बेटे को हराना
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव में कई दिग्गजों को हार का सामना करना पड़ा है। अगर कर्नाटक की मांड्या लोकसभा सीट की बात करें तो प्रदेश के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी के बेटे, कांग्रेस-जेडीएस के साझा उम्मीदवार निखिल कुमारस्वामी को भी इस चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। उनको भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सुमालता अंबरीश ने एक लाख 15 हजार वोटों से हराया। वहीं, राज्य के सीएम के बेटे को चुनाव में मात देने वाली सुमालता ने पहली बार आगे की योजनाओं पर बात की।

मुश्किल चुनावों में से एक रहा ये चुनाव- सुमालता
सुमालता अंबरीश ने कहा कि ये चुनाव उनके लिए सबसे मुश्किल चुनावों में से एक रहा। उनका कहना है कि राज्य के सीएम कुमारस्वामी के बेटे निखिल के खिलाफ चुनाव लड़ना आसान नहीं था। सुमालता ने इस चुनाव में जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया है। निर्दलीय चुनाव जीतकर सांसद बनने वाली सुमालता कर्नाटक की पहली महिला उम्मीदवार बन गई हैं। इस सीट पर अंबरीश को 7,01122 वोट मिले जबकि निखिल को 5,75740 वोट मिले। बहुजन समाज पार्टी के ननजुंडास्वामी को 12,430 वोट ही हासिल हुए।
बीजेपी का समर्थन करने पर क्या बोलीं
इस सीट पर सुमालता को बीजेपी ने समर्थन देने का फैसला किया था। रविवार को सुमालता ने राज्य के बीजेपी नेता एसएम कृष्णा के आवास पर उनसे मुलाकात की और सपोर्ट करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। सुमालता के साथ बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बीएस येदुरप्पा और आर अशोक भी मौजूद थे। सुमालता ने कहा कि सभी से मिलकर उनका आभार व्यक्त करना उनका पहला कर्तव्य था। सुमालता ने कहा कि वे 29 मई को मांड्या जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस जीत का क्रेडिट उन सभी को जिन्होंने पूरे चुनाव के दौरान काफी मेहनत की। ये वाकई एक मुश्किल चुनाव था, कई लोगों ने उनको मौका नहीं दिया था।

29 मई को जाएंगी मांड्या
सुमालता से पूछा गया कि क्या वह बीजेपी को समर्थन देंगी, उन्होंने कहा कि उनकी नीतियों में मांड्या से जुड़े मुद्दे रहेंगे। उन्होंने कहा कि आखिरी फैसला वे अपने संसदीय क्षेत्र के लोगों से मिलने के बाद करेंगी। सुमालता ने कहा, 'वे (भाजपा) हर तरह के कल्याणकारी योजनाओं पर काम कर सकते हैं। मैं केवल अपने क्षेत्र के लोगों के लिए उन योजनाओं का एक हिस्सा पाने की उम्मीद करती हूं।' सुमालता ने बीजेपी के अलावा कांग्रेस के बागी नेताओं का भी आभार व्यक्त किया जिन्होंने चुनाव में उनकी मदद की।












Click it and Unblock the Notifications