कर्नाटक ने कम केस वाले 16 जिलों से हटाया लॉकडाउन, लेकिन शर्तें की लागू
बेंगलुरू, जून 19: कर्नाटक सरकार ने शनिवार को 5 प्रतिशत से कम कोविड -19 मामले की पॉजिटिविटी रेट वाले जिलों में लॉकडाउन प्रतिबंधों में ढील देने की घोषणा की है। इस ढील में सरकार ने सभी दुकानें और होटल, क्लब, रेस्तरां को शाम 5 बजे तक संचालित करने की अनुमति दी है। मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि इन जिलों में लॉज, रिजॉर्ट, जिम, निजी कार्यालय 50 फीसदी कार्यक्षमता के साथ खुल सकेंगे।

कर्नाटक महामारी की दूसरी लहर में भी सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में से एक था। पीक अब बीत चुका है क्योंकि राज्य में रोजाना नए मामले 5,000 के आसपास आ गए हैं। शुक्रवार को राज्य में कोरोना के 5783 नए मामले दर्ज किए गए थे और 168 संक्रमितों की मौत हो गई थी। कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. के सुधाकर ने लोगों से कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर घर में ही रह कर योग करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि इस दिन एक विशेष कोविड-19 टीकाकरण मेले का भी आयोजन किया जाएगा। डॉ. सुधाकर ने कहा, 'कोविड महामारी के कारण इस बार किसी भी व्यक्ति को बाहर खुले में योग दिवस नहीं मनाना चाहिए और न ही बड़ी संख्या में एकत्र होना चाहिए। इस बार योग दिवस का मंत्र है- योग के साथ रहें, घर पर रहें और बेहतर स्वास्थ्य के लिए योग करें।
इससे पहले पड़ोसी राज्य तेलंगाना ने राज्य में प्रतिबंधों को पूरी तरह से हटाने की घोषणा की। तेलंगाना सरकार ने भी 1 जुलाई से स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों को फिर से खोलने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने फेसबुक पर पोस्ट करके लिखा, "चिकित्सा अधिकारियों द्वारा दी गई रिपोर्टों की जांच करके लॉकडाउन हटाने का निर्णय लिया गया है कि कोरोना मामलों की संख्या, सकारात्मकता प्रतिशत में काफी कमी आई है और कोरोना पूर्ण नियंत्रण में आ गया है।












Click it and Unblock the Notifications