पिता ने बेटी के बॉयफ्रेंड को शादी के बहाने बुलाया घर, एकांत में ले जाकर घोंट दिया गला
बेंगलुरु। कर्नाटक में ऑनर किलिंग का एक सनसनी खेज मामला सामने आया है। यहां अंतरजातीय विवाह के खिलाफ लड़की के परिवार वालों ने उसके प्रेमी को शादी के बहाने घर बुलाकर मौत के घाट उतार दिया। बताया जा रहा है कि लड़की और उसका प्रेमी कुछ महीने पहले घर से भाग गए थे लेकिन युवती के पिता ने दोनों को बहला-फुसलाकर घर वापस बुला लिया। इसके बाद लड़की के पिता ने अपने बेटे और अन्य लोगों की मदद से प्रेमी का उसके बड़े भाई के सामने गला घोंटकर हत्या कर दी।

2017 में हुआ था प्यार
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मामला बेंगलुरु का है जहां, ऑनर किलिंग की खबर से सनसनी फैल गई है। मिली जानकारी के मुताबिक साल 2017 में एक कारखाने में काम करने के दौरान लड़की और 24 वर्षीय लक्ष्मीपति (मृतक का नाम) के बीच प्यार हुआ। दोनों की जातियां अलग होने की वजह से उनके परिवार वालों ने इस शादी को मंजूरी नहीं दी। इसके बाद उन्होंने घर से भाग कर अंतरजातीय विवाह करने का फैसला किया।

अंतरजातीय विवाह के चलते हुआ विवाद
दोनों परिवारों को इस शादी पर ऐतराज था लेकिन कभी किसी को यह नहीं पता था कि यह विवाह लड़के की मौत का कारण भी बन सकता है। शादी से नाराज लड़की के पिता ने दोनों को अलग करने की एक योजना बनाई। आरोपी ने मतभेद के बावजूद लक्ष्मीपति और अपनी बेटी को शादी कराने का झूठा वादा कर बेंगलुरु में मगडी तालुक के एक गांव में बुलाया। पिछले महीने ही दोनों अपने-अपने घर लौटे थे।

शादी कराने का वादा कर घर बुलाया
इसके बाद आरोपी के पिता ने मंगलवार की सुबह लक्ष्मीपति को मतभेदों को सुलझाने और बेटी से शादी कराने का वादा कर घर बुलाया। इसके बाद आरोपी पिता ने अपने बेटे और अन्य लोगों की मदद से लक्ष्मीपति का उसके बड़े भाई नटराज के सामने गला दबाकर हत्या कर दी। बाद में नटराज ने पुलिस को शिकायत दर्ज करायी और इस घटना के बारे में बताया।

बड़े भाई के सामने प्रेमी का घोंटा गला
नटराज ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा, 'लड़की के परिवार ने लक्ष्मीपति और मुझे गांव में एकांत स्थान पर बुलाया। उन्होंने हमें आश्वस्त किया कि वे शादी पर चर्चा करने के लिए तैयार हैं। इसके बाद वह हमें एक कमरे में ले गए और शराब पिलाई। लेकिन जल्द ही, लड़की वालों ने लक्ष्मीपति को उनके धार्मिक मतभेदों के बारे में बताना शुरू कर दिया और उससे कहा कि वह कभी भी उनकी बेटी से शादी करने का सपना ना देखे।'

पिता और बेटा गिरफ्तार, दो लोग फरार
नटराज ने आगे कहा, 'जैसे ही लक्ष्मीपति ने विरोध किया, तो वहां मौजूद कई लोगों ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद लड़की के पिता और उसके भाई ने लक्ष्मीपति का बेल्ट से गला घोंटकर हत्या कर दी। कई लोगों ने मुझे पकडा हुआ था इसलिए मैं कुछ कर न सका।' नटराज ने अपनी शिकायत में कहा कि लड़की वालों ने मुझे भी धमकी दी कि इसके बारे में किसी को बताया तो वह मुझे भी जान से मार देंगे। इस मामले में पुलिस ने लड़की के पिता और उसके बेटे को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य फरार हैं।
यह भी पढ़ें: शक्ति मलिक हत्याकांडः 7 हत्यारोपित गिरफ्तार, आरोपी ने कहा- हत्या नहीं की बल्कि रावण का वध किया है












Click it and Unblock the Notifications