लोकतंत्र और कांग्रेस को खत्म करने के लिए सत्ता में आई है BJP: गुलाम नबी आजाद
नई दिल्ली। कर्नाटक और गोवा में सियासी उठापटक के बीच वरिष्ठ कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमला किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और इसके नेता संविधान की परवाह नहीं करते हैं। ऐसा लगता है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार सत्ता में इसलिए आई है ताकि वह सेक्युलरिज्म, लोकतंत्र और विपक्ष को खत्म कर सके। उनका एकमात्र लक्ष्य है कि कैसे एक राजनीति दल को खत्म किया जाए, जोकि लोकतंत्र और संविधान के खिलाफ है।
मुंबई के होटल में ठहरे कांग्रेस और जेडीएस के विधायकों के बार में गुलाम नबी आजाद ने कहा कि विधायकों को विशेष विमान में मुंबई ले जाया गया और उन्हें भाजपा के अलावा किसी भी दल के नेता से नहीं मिलने दिया गया। सरकार और राजभवन की मदद से भाजपा नेता कांग्रेस के नेताओं और मंत्रियों को मुंबई विशेष विमान में लेकर गई, उन्हें महाराष्ट्र सरकार द्वारा सुरक्षा मुहैया कराई गई। उन्हें भाजपा नेताओं के अलावा किसी से भी नहीं मिलने दिया गया।
यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने गुरुवार को इस पूरी घटना के विरोध में प्रदर्शन किया। पार्टी ने संसद के दोनों सदनों से वॉकआउट किया। कांग्रेस के नेताओं ने संसद परिसर में लगी महात्मा गांधी की मूर्ति के सामने विरोध प्रदर्शन किया और लोकतंत्र बचाओ की तख्तियां दिखाई। राहुल गांधी ने कहा कि हम कर्नाटक और गोवा मुद्दे को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। बता दें कि कर्नाटक में कांग्रेस और जेडीएस के 10 विधायकों ने इस्तीफा दे दिया। जिसके बाद गुरुवार को इन विधायकों ने स्पीकर से मुलाकात करके अपना इस्तीफा सौंप दिया।
इसे भी पढ़ें- भाजपा की तमाम कोशिशों के बाद भी प्रदेश में हमारा गठबंधन मजबूत - कुमारस्वामी