स्वीमिंग पुल में मस्ती करते दिखे कर्नाटक के कोरोना इंचार्ज मंत्री, कांग्रेस ने मांगा इस्तीफा
नई दिल्ली। देश में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है। जिसकी वजह से सरकार और स्वास्थ्य मंत्रालय की चुनौतियां भी बढ़ गई हैं। वहीं इन सब के बीच कर्नाटक में येदियुरप्पा सरकार के कोरोना प्रभारी मंत्री के. सुधाकर की एक फोटो विवादों में आ गई है। अब मामले में विपक्षी दल कांग्रेस ने के. सुधाकर का इस्तीफा मांगा है। वहीं विवाद बढ़ता देख मंत्री सुधाकर भी बैकफुट पर नजर आए और अपनी फोटो डिलीट कर दी।

कर्नाटक के कोरोना मरीजों की संख्या 250 के पास पहुंच गई है। इस सबसे बेपरवाह कर्नाटक के कोरोना प्रभारी मंत्री के. सुधाकर ने स्वीमिंग पुल में बच्चों के साथ मस्ती करते हुए एक फोटो ट्विटर पर पोस्ट की। उन्होंने फोटो के साथ लिखा कि लंबे वक्त के बाद अपने बच्चों से स्विमिंग पुल में मिला। यहां भी सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखा है।
वहीं मंत्री सुधाकर के फोटो डालते ही कर्नाटक की राजनीति गरमा गई। कर्नाटक के पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डीके शिवकुमार ने सीएम येदियुरप्पा से मंत्री सुधाकर के इस्तीफे की मांग की है। डीके शिवकुमार ने के. सुधाकर के ट्वीट का स्क्रीनशॉट डालते हुए लिखा कि जब पूरी दुनिया स्वास्थ्य संकट से जूझ रही है, उस वक्त कर्नाटक के कोरोना इंचार्ज मंत्री सुधाकर स्वींमिंग में अपना समय व्यतीत कर रहे हैं। यह नैतिक नहीं है। उन्हें खुद अपना इस्तीफा दे देना चाहिए या फिर मुख्यमंत्री को उन्हें अपनी कैबिनेट से निकाल देना चाहिए।
यह भी पढ़ें: Covid 19: कोरोना संकट के बीच फराह खान को याद आए गृह मंत्री, Tweet कर पूछा- कहां हैं अमित शाह?
मंत्री के ट्विटर से पोस्ट गायब
वहीं मंत्री के. सुधाकर के ट्विटर अकाउंट पर ये तस्वीर नहीं दिख रही है। माना जा रहा है कि विवाद बढ़ने के बाद मंत्री ने फोटो डिलीट कर दी। वहीं कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार ने उस पोस्ट का स्क्रीनशॉट शेयर किया है।
देश में कोरोना मरीजों की संख्या 9000 पार
भारत में आज लॉकडाउन का 20वां दिन है। भारत में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या रविवार को 9,000 के आंकड़े को पार कर गई। वहीं, मृतकों की संख्या भी 300 पार कर चुकी है। लॉकडाउन को लेकर पीएम मोदी मंगलवार सुबह 10 बजे देश की जनता को संबोधित करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications