'अगर भारत हिंदू राष्ट्र बन गया तो....': कर्नाटक में मुख्यमंत्री के बेटे ने खड़ा किया नया विवाद
कर्नाटक में पहले कांग्रेस नेता बीके हरिप्रसाद ने अयोध्या राम मंदिर में हो रहे कार्यक्रम के संबंध में गोधरा को लेकर ऐसी टिप्पणी की, जिसपर विवाद हो गया। अब राज्य के मुख्यमंत्री के बेटे यतींद्र सिद्दारमैया ने 'हिंदू राष्ट्र' को लेकर एक विवादित टिप्पणी कर दी है।
कर्नाटक के सीएम सिद्दारमैया के बेटे ने कहा है कि अगर 'भारत हिंदू' राष्ट्र बन जाता है तो यह अफगानिस्तान और पाकिस्तान जैसा हो जाएगा।

अफगानिस्तान और पाकिस्तान से की भारत की तुलना
कर्नाटक के पूर्व एमएलए ने कहा है कि अगर भारत 'हिंदू राष्ट्र' बनता है तो यह अफगानिस्तान और पाकिस्तान जैसा हो जाएगा, जहां तानाशाही है। उन्होंने कहा है कि धर्म के नाम पर तानाशाही के चलते यह दोनों देश दिवालिया हो गए हैं।
'बीजेपी के सहयोगी भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने जा रहे हैं'
सीएम के बेटे के मुताबिक, 'पाकिसान और अफगानिस्तान को धर्म के नाम पर तानाशाही ने दिवालिया बना दिया....बीजेपी के सहयोगी संगठन भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने जा रहे हैं। अगर ऐसा होने दिया गया तो हमारा देश भी पाकिस्तान और बांग्लादेश बन जाएगा.....'
कांग्रेस नेता ने आरएसएस और बीजेपी पर भारत को 'हिंदू राष्ट्र' बनाने की कोशिश का जिम्मेदार ठहराया और धर्म को राजनीति का मुद्दा बनाने वाली पार्टियों से लोगों को सावधान रहने को कहा।
आज धर्मनिरपेक्ष दर्शन पर खतरा है- कर्नाटक के सीएम के बेटे यतींद्र सिद्दारमैया
यतींद्र के मुताबिक, '...अगर देश धर्मनिरपेक्षता छोड़ देता है और धर्म के आधार पर चलता है तो यह विकसित नहीं होगा। आज धर्मनिरपेक्ष दर्शन पर खतरा है....धर्म का राजनीतिकरण करने वाली पार्टियों से हमें सावधान रहना चाहिए....'
कर्नाटक सरकार पहले ही 1992 में बाबरी मस्जिद विध्वंस में कथित संलिप्तता की वजह से एक कार सेवक की गिरफ्तारी को लेकर विपक्षी बीजेपी के निशाने पर है। पार्टी ने इसको लेकर राज्य में जबर्दस्त विरोध जताया है।
गोधरा जैसी घटना होने को लेकर कांग्रेस नेता का सनसनीखेज दावा
इसके बाद कांग्रेस नेता बीके हरिप्रसाद ने दावा किया कि उनके पास राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा से पहले कर्नाटक में गोधरा जैसी घटना को अंजाम दिए जाने की संभावना की जानकारी है।
अब राज्य के मुख्यमंत्री के बेटे ने भारत को 'हिंदू राष्ट्र' बनाने की कोशिश और उसकी तुलना पाकिस्तान और अफगानिस्तान जैसे देशों से करके एक नया राजनीतिक विवाद शुरू कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications