Karnataka election: नतीजों से पहले रणदीप सुरजेवाला बोले, बीजेपी ने स्वीकार की अपनी हार
Karnataka election, कर्नाटक चुनाव के नतीजे आने से पहले कांग्रेस ने अहम बयान दिया है। कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने अपनी पार्टी की जीत का दावा किया है।

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजे शनिवार को आएंगे। सभी की निगाहें इन नतीजों पर टिकी हुईं है। नतीजों से पहले ही राजनीतिक दलों के बीच बयानबाजी शुरू हो गई। कांग्रेस का कहना है कि, बीजेपी ने कर्नाटक में अपनी हार स्वीकार कर ली है।
कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा ने अपनी हार स्वीकार कर ली है। उन्होंने कर्नाटक के लोगों को वोट देने के लिए धन्यवाद दिया है। मैं कर्नाटक के 6.5 करोड़ लोगों को धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने कांग्रेस पार्टी को वोट दिया है।
सुरजेवाला ने आगे कहा कि, चलिए कल तक का इंतजार करते हैं, जब तक नतीजे नहीं आ जाते। बीजेपी ने अपनी हार मान ली है। कांग्रेस पार्टी सरकार बनाएगी और हम कर्नाटक के लोगों की सेवा करेंगे।
कांग्रेस नेता ने कहा कि, मोदी जी और भाजपा कन्फ्यूज हो गए थे और वे अपनी ध्रुवीकरण की रणनीति से एजेंडा बदलना चाहते थे लेकिन लोगों ने उन्हें ऐसा करने नहीं दिया...एक बात स्पष्ट है कि भाजपा ने हार मान ली है...हर कोई जहां चाहे वहां जाने के लिए स्वतंत्र है।
चुनाव नतीजों से पहले कर्नाटक में काफी हलचल देखने को मिल रही है। जहां एक ओर कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की है। वहीं दूसरी ओर, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई और अन्य भाजपा नेताओं ने बेंगलुरु में पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक की।
इसे पहले आए एग्जिट पोल नतीजों में भी बीजेपी की हार और कांग्रेस की जीत के अनुमान जताए गए हैं। इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल के मुताबिक कांग्रेस को सबसे ज्यादा 122 से 140 सीटें मिल सकती हैं तो बीजेपी 62 से 80 सीटों पर सिमट सकती है। वहीं, जेडीएस को 20 से 25 सीटें और अन्य को शून्य से तीन सीटें मिलने का अनुमान एग्जिट पोल में जताया गया है।












Click it and Unblock the Notifications