कर्मा पर्व प्रकृति से जुड़ाव और सामूहिक आनंद का उत्सव: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में कर्मा महोत्सव सांस्कृतिक उत्सव और सार्वजनिक निवेश का संगम है। नेताओं ने ₹172.51 करोड़ के विकास कार्यों की घोषणा की, जिसमें चुंगरीडी में एक मिनी-स्टेडियम और शहर-स्तरीय उन्नयन शामिल हैं। इस कार्यक्रम में आदिवासी प्रदर्शन और महिलाओं, आजीविका और कल्याणकारी योजनाओं का समर्थन करने वाली पहलें शामिल थीं।
रायपुर, 17 जनवरी 2026। कर्मा महोत्सव छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, परंपरा और लोक जीवन का सजीव प्रतीक है। ऐसे आयोजन न केवल लोक पर्वों को सहेजने का कार्य करते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। कर्मा पर्व प्रकृति से जुड़ाव, आपसी भाईचारे और सामूहिक आनंद का उत्सव है।

यह विचार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सूरजपुर जिले के चुनगुड़ी में आयोजित कर्मा महोत्सव के दौरान व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि जनजातीय संस्कृति की पहचान और उसकी निरंतरता के लिए ऐसे आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सूरजपुर जिले को 172.51 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। साथ ही चुनगुड़ी के स्कूल मैदान को मिनी स्टेडियम के रूप में विकसित करने और नगर पंचायत भटगांव के विकास के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की। कार्यक्रम को महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और सांसद चिंतामणि महाराज ने भी संबोधित किया।
परंपरा, संस्कृति और उल्लास से भरे कर्मा महोत्सव में मांदर की थाप और घुंघरुओं की झंकार के बीच पूरा क्षेत्र कर्मा नृत्य की लय में झूम उठा। सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर, बलरामपुर, कोरिया और मनेंद्रगढ़ जिलों से आए 33 कर्मा दलों के लोक कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में मनमोहक कर्मा नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को लोक संस्कृति के रंगों में रंग दिया।
महिला सशक्तिकरण और कल्याण योजनाओं का शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई प्रदर्शनी के विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान नाव-जाल एवं आइस बॉक्स, आयुष्मान कार्ड, छत्तीसगढ़ महिला कोष से ऋण वितरण और महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित छह रेडी-टू-ईट इकाइयों का शुभारंभ किया। उन्होंने पोषण वितरण कार्य से जुड़ी महिलाओं को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही महिलाओं को स्वरोजगार के लिए मुद्रा लोन, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत बीमा क्लेम तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ‘खुशियों की चाबी’ प्रदान की गई।
जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में विधायक भूलन सिंह मरावी, वन विकास निगम के अध्यक्ष राम सेवक पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा, उपाध्यक्ष रेखा राजलाल रजवाड़े सहित अनेक जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।












Click it and Unblock the Notifications