'मां के मोबाइल में देखी फोटो और....', कैसे शुरू हुई कराची की जवेरिया और कोलकाता के समीर की लव स्टोरी
Cross border love story: सीमा हैदर-सचिन मीणा और अंजू उर्फ फातिमा-नसरुल्लाह की प्रेम कहानियों के बीच मंगलवार को एक और क्रॉस बॉर्डर लव स्टोरी उस वक्त सामने आई, जब पाकिस्तान के कराची की रहने वाली जवेरिया खानम अपने प्रेमी समीर खान से शादी करने के लिए कोलकाता पहुंच गईं।
कोलकाता पहुंचीं जवेरिया ने बताया कि भारत आने के लिए उनकी वीजा एप्लिकेशन दो बार कैंसल हुई, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। हालांकि, तीसरी बार में उनकी एप्लिकेशन मंजूर तो हुई, लेकिन उन्हें भारत में महज 45 दिन रुकने की ही इजाजत मिली है।

सीएम हैदर और अंजू की स्टोरी के बाद अब हर कोई ये भी जानना चाहता है कि कराची की जवेरिया और कोलकाता के समीर की मुलाकात कैसे हुई? दोनों के बीच की ये प्रेम कहानी कब और कहां से शुरू हुई। तो आइए बताते हैं आपको इन दोनों की लव स्टोरी के बारे में। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, इस प्रेम कहानी की शुरुआत हुई साल 2018 में, जब पेशे से बिजनेसमैन समीर ने एक दिन अपनी मां नुसरत के मोबाइल में जवेरिया की तस्वीर देखी। जवेरिया समीर की मां की दूर की रिश्तेदारी में थीं।
'ये पहली नजर का प्यार था...'
समीर ने इस बारे में बताया, 'वो पहली नजर का प्यार था। मां के मोबाइल में मैंने पहली बार जवेरिया की फोटो देखी और बस उसे पसंद कर लिया। मैंने जवेरिया के साथ जिंदगी बिताने का फैसला कर लिया और हम दोनों के परिवार ने मिलकर 2020 में शादी फिक्स कर ली। लेकिन, तभी कोविड महामारी आ गई और सारी तैयारियां रुक गईं। इसके बाद कुछ कानूनी दिक्कतें आईं और हमारी शादी टलती गई।'
जवेरिया के इंतजार में किराए का घर लेकर रह रहे थे समीर
समीर ने आगे बताया, 'कुछ टाइम पहले हम दोनों की मुलाकात दुबई में हुई और तब हम दोनों ने एक-दूसरे को पहली बार आमने-सामने देखा। हम एक दूजे के लिए ही बने थे, इसलिए सबकुछ अपने आप ठीक होता गया।' मंगलवार को जब जवेरिया भारत पहुंचीं तो समीर बैंड-बाजा लेकर खुद उन्हें लेने अटारी पहुंचे। यही नहीं, समीर अपनी प्रेमिका जवेरिया से मिलने के लिए इतने उतावले थे कि कई दिन पहले से वो अटारी के पास गुरदासपुर में एक घर किराए पर लेकर रह रहे थे।
जनवरी में करेंगे समीर और जवेरिया शादी
इसके बाद दोनों फ्लाइट लेकर अमृतसर से कोलकाता के लिए रवाना हो गए। समीर और जवेरिया अगले साल जनवरी के महीने में शादी करने वाले हैं। जवेरिया ने बताया कि वो कोशिश कर रही हैं कि उनके वीजा की अवधि बढ़ जाए। वहीं, समीर का कहना है कि दोनों देशों को अलग से एक ऐसा आसान वीजा सिस्टम बनाना चाहिए, ताकि दोनों मुल्कों में अगर कोई शादी करना चाहे तो उसे आराम से वीजा मिल जाए।












Click it and Unblock the Notifications