अनुराग ठाकुर के नारों पर बोले सिब्बल- ये गांधी का भारत नहीं, हैरान हूं पुलिस एक्शन नहीं ले रही
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के 'देश के गद्दारों को, गोली मारो..' के नारे लगवाने पर कपिल सिब्बल ने गुस्सा और हैरानी जताई है। कांग्रेस सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री सिब्बल ने मंगलवार को कहा, ये महात्मा गांधी का भारत नहीं है। इस तरह के नारे कि देश के गद्दारों को, गोली मारों... इन नारों की शुरुआत भाजपा ने ही की है। ये नारा लगातार भाजपा की रैलियों में लगा है। गोली मारने का क्या मतलब है? मैं हैरान हूं कि अब तक इस पर ना तो पुलिस ने और ना ही चुनाव आयोग ने कोई एक्शन लिया है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवार में रैली करते हुए सोमवार को रिठाला में भाजपा नेता और मंत्री अनुराग ठाकुर ने 'देश के गद्दारों को...' के नारे लगवाए थे। इन नारों पर विपक्षी दलों ने कड़ा एतराज जताया है। उन्हें मंत्रिमंडल से हटाने की भी मांग कुछ लोगों की ओर से की गई है। दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी के कार्यालय ने इसका संज्ञान लेते हुए रिपोर्ट मांगी है।
इन नारों को लेकर पूर्व कांग्रेस सांसद संदीप दीक्षित ने कहा, चुनाव में हार देख भाजपा माहौल खराब करना चाहती है। उन्होंने कहा, भाजपा की सरकार है, अनुराग ठाकुर केंद्र में मंत्री हैं। दिल्ली की पुलिस केंद्र के अंडर है, अगर गद्दार घूम रहे हैं तो गिरफ्तार करिए।
शिवसेना की प्रियंका चतुर्वेदी ने इस पर कहा, अनुराग ठाकुर केंद्र में वित्त राज्यमंत्री हैं। अर्थव्यवस्था की हालत बेहद खराब है। उम्मीद करते हैं उन्हें गोली मारने से फुर्सतमिल जाएगी तो वो इस ओर भी सोचेंगे। वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण ने इस पर कहा है कि अनुराग ठाकुर को कैबिनेट में नहीं बल्कि जेल में होना चाहिए।