कन्नड़ भाषा विवाद गरमाया, कर्नाटक CM सिद्धारमैया ने अध्यादेश लाने का किया वादा, जानिए क्या कहा?
Kannada language row: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा है कि कर्नाटक जल्द ही एक अध्यादेश पारित करेगा जिसमें सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को कम से कम 60% कन्नड़ साइनेज वाले साइनबोर्ड और नेम प्लेट का उपयोग करने का निर्देश दिया जाएगा। सीएम सिद्धारमैया ने साफ कर दिया है कि वह अध्यादेश लाएंगे।
सीएम सिद्धारमैया ने भाषा के उस मुद्दे को भी तूल दे दिया है, जिसके कारण आए दिन एक हाशिए पर रहने वाले समूह द्वारा हिंसक विरोध प्रदर्शन शुरू हो जाते हैं।

सीएम सिद्धारमैया ने बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका (BBMP) और कन्नड़ और संस्कृति विभाग के अधिकारियों से मुलाकात की है। जहां उन्होंने बेंगलुरु में दुकानों और प्रतिष्ठानों में तोड़फोड़ की निंदा की और कहा कि नया अध्यादेश 28 फरवरी 2024 तक लागू होगा।
CM सिद्धारमैया बोले- कन्नड़ बोर्ड जरूरी हैं
सीएम सिद्धारमैया ने बैठक के बाद कहा, ''मैंने BBMP और संस्कृति विभाग के अधिकारियों को एक अध्यादेश पारित करने और सभी नेमप्लेट पर 60% कन्नड़ नियम लागू करने का निर्देश दिया है। नियम बनाए जाएंगे और उन्हें सभी को सूचित किया जाएगा।''
सीएम सिद्धारमैया ने कहा, ''कन्नड़ बोर्ड जरूरी हैं। यह कन्नड़ नाडु है और यहां बोर्ड कन्नड़ में होने चाहिए। हम अन्य भाषाओं के विरोधी नहीं हैं, लेकिन कन्नड़ प्रमुख होनी चाहिए।''
फेडरेशन ने कहा- हम सरकारी नियमों का पालन करेंगे
फेडरेशन ऑफ कर्नाटक चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FKCCI) ने सरकारी नियमों का पालन करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। हालांकि, इसने राज्य सरकार से 28 फरवरी, 2024 की समय सीमा तक नियम के तहत कोई कार्रवाई नहीं करने का अनुरोध किया है।
FKCCI के अध्यक्ष रमेश चंद्र लाहोटी ने कहा है कि, 'हम सरकार और बीबीएमपी से अपील करते हैं कि 28 फरवरी 2024 की समय सीमा तक उपरोक्त नियम के आधार पर कोई कार्रवाई न करें और सरकार से यह भी सुनिश्चित करें कि कोई भी व्यापार और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों को परेशान करने के लिए कानून को अपने हाथ में न ले।'












Click it and Unblock the Notifications