'बेवकूफों को इंफ्लूएंसर कहना बंद करें', कंगना रनौत ने IAS अफसर परी बिश्नोई का वीडियो शेयर कर क्यों कहा ऐसा?
IAS Pari Bishnoi: सोशल मीडिया पर इन दिनों आईएएस अफसर परी बिश्नोई का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। ये वीडियो और भी ज्यादा सुर्खियों में तब आ गया, जब इसे एक्ट्रेस और मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत (Kangana Ranaut) ने अपने एक्स हैंडल (ट्विटर का बदला हुआ नाम) पर शेयर किया।
वीडियो को शेयर कर कंगना रनौत ने जो IAS परी बिश्नोई और युवाओं के लिए लिखा है, वो भी वायरल हो रहा है। इंस्टाग्राम यूजर और यूट्यूबर अंकित कुमार ने हफ्ते भर पहले IAS परी बिश्नोई और उनकी बहन का ये वीडियो शेयर किया था।

जब इंस्टाग्राम यूजर अंकित कुमार ने बात करने के लिए IAS परी बिश्नोई को पूछा था तो उन्हें इस बात का आभास नहीं था कि वो एक अधिकारी हैं। अंकित कुमार ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "मैं अजनबियों को शूट करने के लिए खोज रहा था, तभी मेरी मुलाकात एक आईएएस अधिकारी से हुई। मेरी उनसे और उनकी बहन से, जो एक क्रिमिनल वकील हैं, काफी अच्छी बातचीत हुई।" आइए जानें आखिरी वीडियो में क्या बात हुई और कंगना ने वीडियो को शेयर कर क्या लिखा है?
जब IAS परी बिश्नोई ने सादगी से की एक आम यूट्यूबर से बात
वीडियो में परी बिश्नोई कहती हैं, ''मैंने अभी-अभी इलेक्शन का काम खत्म किया है। इस बार चुनाव बहुत ही शांतिपूर्ण तरीके से हुआ है।'' परी बिश्नोई ने वीडियो में बताया कि उन्होंने 2019 में एमए पूरा किया है और 2020 में आईएएस अधिकारी बनीं। उनका ऑल इंडिया रैंक 30 था।
परी राजस्थान में अपने समुदाय से शायद पहली महिला हैं, जिन्होंने यूपीएससी परीक्षा पास की और आईएएस अधिकारी बनी हैं। परी बिश्नोई वीडियो में आगे बताती हैं कि, वह अभी फिलहाल वर्तमान में सिक्किम में अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट हैं। जब उनसे पूछा गया कि उन्हें किसने प्रेरित किया, तो परी ने अपनी मां को इसका श्रेय दिया। परी की मां राजस्थान में एक पुलिस अधिकारी हैं। परी को अपनी मां के काम की वजह से प्रशासनिक सेवा में शामिल होने की इच्छा हुई।
परी बिश्नोई मां से प्रेरित होकर बनीं IAS
परी ने बताया कि, ''मैंने बचपन से ही अपनी मां को एक पुलिस की वर्दी में काम करते देखा है। छोटे लेवल पर ही सही, लेकिन मेरी मां उस इलाके की पहली महिला SHO थीं। इसलिए मैं भी फील्ड वर्क में ही काम करना चाहती थी। मैं लोगों के बीच रहकर लोगों के लिए काम करना पसंद करती हूं। बचपन से ही मैं इस फील्ड में आना चाहती थी।''
दूसरी और परी की बहन पलक ने बताया कि वह हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में आपराधिक वकील के रूप में काम करती हैं।
क्यों वायरल हुआ IAS परी बिश्नोई का ये वीडियो?
सोशल मीडिया पर अब IAS परी बिश्नोई का ये वीडियो वायरल हो गया है। यह वीडियो एक हफ्ते पहले पोस्ट किया गया था। शेयर किए जाने के बाद से इसे 26 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है। शेयर किए जाने के बाद इसे करीब दो मिलियन लाइक भी मिले हैं।
कई लोगों ने पोस्ट के कमेंट सेक्शन में जाकर अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं। एक आईएएस अफसर होकर परी बिश्नोई ने जिस सादगी से एक आम यूट्यूबर से बात की है, वही लोगों को खूब पसंद आ रहा है। सोशल मीडिया पर इस वीडियो को शेयर कर लोग लिख रहे हैं कि इसे कहते हैं असली फेमिनिज्म। वहीं कई लोगों ने लिखा, पावरफुल महिलाएं हमेशा विनम्र और सादगी में रहती हैं।
कंगना रनौत ने IAS परी बिश्नोई का वीडियो शेयर कर कही दिल छू लेने वाली बात
कंगना रनौत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा,
''याद रखें कि असली दुनिया, काल्पनिक दुनिया से बहुत अलग है। रील और सोशल मीडिया फीड पर अपना समय बर्बाद न करें, बाहर जाएं और असली हीरो/हीरोइन बनें। असली सफलता ऐसी ही दिखती है। यह आपके जीवन को एक उद्देश्य और अर्थ देता है, यह न केवल आपको और आपके परिवार को बल्कि आपके राष्ट्र को भी ऊपर उठाता है और इसके परिणामस्वरूप आप पैसे भी कमाते हैं... आप सभी सुंदर युवा पुरुष/महिलाएँ बेवकूफ टिकटोकियों को अपना इंफ्लूएंसर कहना बंद करें। ऐसी युवा महिलाओं और उनके जीवन को आपको प्रभावित करना चाहिए, उन्हें आपका इंफ्लूएंसर और रोल मॉडल होना चाहिए, तभी आप संतोषजनक और सफल जीवन जी पाएंगे।''












Click it and Unblock the Notifications