'ऐसी गुस्ताखी ना काबिल बर्दाश्त, ये ढोंगी-पाखंडी लोग...', किस पर फूटा सपा सांसद इकरा हसन का गुस्सा?
Iqra Hasan On Yati Narsinghanand:उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में डासना देवी मंदिर के मुख्य पुजारी और महंत यति नरसिंहानंद ने इस्लाम और पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी देकर विवाद खड़ा कर दिया है। महंत यति नरसिंहानंद के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई और फिर यूपी पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है।
हालांकि हिरासत में लेने को लेकर कोई अधिकारिक बयान नहीं है। लेकिन इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने इसकी पुष्टि की। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक उनके सहयोगियों ने भी कहा कि उन्हें गाजियाबाद में हिरासत में लिया गया था। अब इस पूरे मामले पर कैराना लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) की सांसद इकरा हसन ने वीडियो जारी कर केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की योगी सरकार से यूपीए के तहत कार्रवाई करने की मांग की है।

इकरा हसन का ये वीडियो सोसल मीडिया पर वायरल भी हो रहा है। वीडियो में इकरा हसन कहती यति नरसिंहानंद को ढोंगी-पाखंडी बता रही हैं। इकरा हसन ने योगी सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा है कि उनका ढुलमुल रवैया नहीं चलेगा। आइए जानें इकरा हसन ने वीडियो में क्या-क्या कहा है? और सोशल मीडिया पर इसको लेकर लोग क्या कह रहे हैं?
इकरा हसन बोलीं- 'यति नरसिंहानंद जैसे ढोंगी, पाखंडी लोगों ने एक बार फिर...'
सांसद इकरा हसन वीडियो में कहती हैं,
''यति नरसिंहानंद जैसे ढोंगी, पाखंडी लोगों ने एक बार फिर अपनी गंदी जुबान से नफरत का जहर उगला है और हमारे प्यारे नबी की शान में गुस्ताखी की है, जो हमें नाकाबिले बर्दाश्त है। प्यारे नबी ने पूरी दुनिया के लिए रहमत और शांति का पैगाम लेकर आए थे, उनकी शान में यह अपनी गंदी जुबान से गुस्ताखी ये बार-बार करते हैं। ये बात हर अमन पसंद हिन्दुस्तानी चाहे वो हिंदू हो या मुसलमान किसी के लिए भी नाकाबिले बर्दाश्त है।''
'नरसिंहानंद हर बार, अपनी जुबान से नफरत के बीच बोता है और कानून से बचता है'
सांसद इकरा हसन ने वीडियो में आगे कहा,
''यह (नरसिंहानंद) हर बार अपनी जुबान से नफरत का बीज बोकर कानून से बच जाता है, क्योंकि राज्य सरकारें ईमानदारी से अपना फर्ज नहीं निभा रही हैं। मैं केंद्र और राज्य सरकारों से जिम्मेदारी से ये कहना चाहती हूं कि अब उनका ढुलमुल रवैया नहीं चलेगा। नरसिंहानंद और इन जैसे झूठे पाखंडियों के खिलाफ दिखावटी हो रही है, जो नहीं की जाए। इनके खिलाफ हेट स्पीच, यूएपीए और एनएसए की गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जानी चाहिए। ताकि वो आगे ऐसी हिम्मत कभी ना करें।''
इकरा हसन ने कहा, ''हम इसके लिए संसद और सुप्रीम कोर्ट में हर मुमकिन कार्रवाई करेंगे और विरोध दर्ज कराएंगे। संविधान ने हमें सिर उठाकर जीने का अधिकार दिया है, उसे हमें लेकर चलना होगा और हरगिस चुप नहीं बैठेंगे।''
सोशल मीडिया पर इकरा हसन का वीडियो देख क्या बोले लोग?
सोशल मीडिया पर इकरा हसन का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। यूजर @fizaiq ने कहा, ''इकरा हसन जो की कैराना से सांसद हैं, उन्होंने यति नरसिंहानंद की निंदा करते हुआ कहा की उसके ऊपर UAPA , और NSA के तहत कार्रवाई होनी चाहिए और अगर ऐसा न हुआ तो इस मुद्दे को सुप्रीम कोर्ट से लेकर संसद तक इसका विरोध किया जाएगा। प्यारे नबी की शान में ये गुस्ताखी नाकाबिले बर्दाश्त है!!''
एक अन्य यूजर @mfaisalsiddiqu2 ने कहा, ''कैराना सांसद इकरा हसन ने गुस्ताख ए रसूल को UAPA के तहत गिरफ्तार कर सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग उत्तर प्रदेश और भारत सरकार से की।''
एक अन्य यूजर ने कहा, ''इकरा हसन ने दी चेतावनी अगर कार्रवाई नहीं हुई तो संसद में विरोध प्रदर्शन होगा!''












Click it and Unblock the Notifications