11 साल में पहली बार बंद होने जा रहा यमुना एक्सप्रेस-वे, जाने से पहले जान लें पूरी ट्रैफिक एडवाइजरी
अगर आप यमुना एक्सप्रेस-वे से कहीं आने-जाने वाले हैं, तो आपके लिए एक अहम खबर है। 21 सितंबर से 25 सितंबर तक इस पर कई तरह के वाहनों पर रोक रहेगी। ये फैसला ग्रेटर नोएडा में होने जा रहे मोटोजीपी और यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो को देखते हुए लिया गया है।
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक 21 सितंबर सुबह 6 बजे से 25 सितंबर की रात 12 बजे तक ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेस-वे बसों, भारी और मध्यम वाहनों के लिए बंद रहेगा। इससे मथुरा, आगरा और लखनऊ जाने वाले लोगों को परेशानियों को सामना करना पड़ेगा। हालांकि वो एनएच-9, 24, 91 होकर जा सकते हैं। ये मार्ग पूरी तरह से खुला रहेगा।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट (बीआईसी) में होने वाले मोटो जीपी में 10 हजार विदेशी मेहमानों के अलावा कई वीआईपी आएंगे। इसके अलावा आम जनता की भी काफी ज्यादा भीड़ रहेगी। इस दौरान यातायात बाधित ना हो, इस वजह से ये फैसला लिया गया है।
नोएडा पुलिस ने 25 सितंबर तक धारा 144 भी लागू कर रखी है। जिसके तहत चार या चार से ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने पर रोक रहेगी। इसके अलावा किसी भी तरह का प्रदर्शन नहीं हो सकेगा। वहीं बिना इजाजत ड्रोन के इस्तेमाल पर भी पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है।
नई ट्रैफिक एडवाइजरी के मुताबिक डीएनडी फ्लाईवे, चिल्ला रोड, कालिंदी कुंज, न्यू अशोक नगर और झुंडपुरा सीमाओं पर भारी वाहनों को अनुमति नहीं दी जाएगी। 23-24 सितंबर को आगरा से नोएडा आने के लिए वैकल्पिक मार्ग लेना पड़ेगा।
नई व्यवस्था के मुताबिक आयोजन की अवधि में आगरा से नोएडा आने के लिए 12 से सात बजे तक एक्सप्रेसवे बंद रहेगा। इसके अलावा मथुरा में दो बजे के बाद वाहनों को एक्सप्रेसवे पर एंट्री नहीं दी जाएगी।
जरूरी चीजों से जुड़े वाहनों को मिलेगी अनुमति
वहीं दूसरी ओर खाने-पीने, फल, सब्जी, मेडिकल सेवा आदि से जुड़े जरूरी वाहनों को इजाजत मिलेगी। आपात स्थिति के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है, जो 9971009001, 9355057381 और 9355057380 है।
गणेश उत्सव की वजह से भी डायवर्जन
डीसीपी (यातायात) अनिल कुमार यादव के मुताबिक गणेश उत्सव की वजह से भी ट्रैफिक पर दबाव पड़ेगा। इसके लिए डायवर्जन की व्यवस्था की गई है।
11 साल में पहली बार हो रहा बंद
आपको बता दें कि अगस्त 2012 में यमुना एक्सप्रेस-वे तैयार हुआ था, जो नोएडा को आगरा से जोड़ता है। 11 साल बाद ये पहला मौका आया है, जब ये हाईवे अस्थायी तौर पर बंद होने जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications