मां काली को लेकर विवादित बयान के बाद बोलीं महुआ मोइत्रा, मैं ऐसे भारत में नहीं रहना चाहती, जहां..
नई दिल्ली, 07 जुलाई। टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा इस वक्त देवी काली को लेकर दिए अपने बयान की वजह से विवादों में हैं। जिस तरह से उन्होंने एक टीवी कार्यक्रम के दौरान कहा कि देवी काली को मांस और मदिरा चढ़ाया जाता है उसके बाद से उनका विरोध हो रहा है। हालांकि अपने बयान पर सफाई देते हुए महुआ ने कहा कि यह स्थानीय परंपरा है और फिल्म काली के विवादित पोस्टर को इस बयान से ना जोड़ा जाए। महुआ मोइत्रा के इस बयान के बाद भारतीय जनता पार्टी ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पश्चिम बंगाल में उनके खिलाफ भाजपा के शीर्ष नेता सड़क पर उतरे और उनका जमकर विरोध किया।
Recommended Video

मैं ऐसे भारत में नहीं रहना चाहती
लेकिन अब भाजपा नेताओं पर महुआ मोइत्रा ने तीखा हमला बोला है। महुआ ने कहा कि वह ऐसे भारत में नहीं रहना चाहती हैं जहां भाजपा की हिंदू धर्म के बारे में पितृसत्तात्मक ब्राह्मणवादी सोच प्रबल हो। इसके साथ ही महुआ ने भाजपा को चुनौती दी है कि वह उनके खिलाफ केस दर्ज कराए। एक ट्वीट करके महुआ ने कहा आप मेरे खिलाफ एफआईआर दर्ज कराईए मैं देश की किसी भी कोर्ट में आपका सामना करने के लिए तैयार हूं। गौर करने वाली बात है कि टीएमसी के एक शीर्ष नेता ने महुआ मोइत्रा के इस बयान से पल्ला झाड़ लिया है, उन्होंने कहा कि यह महुआ का व्यक्तिगत बयान है इसका पार्टी समर्थन नहीं करती है।
मां काली का अपमान बर्दाश्त नहीं
भाजपा ने आरोप लगाया है कि महुआ मोइत्रा ने धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाई है। जिस तरह से उन्होंने मां काली को लेकर बयान दिया है वह कतई स्वीकार नहीं किया जा सकता है। दरअसल महुआ मोइत्रा के खिलाफ भोपाल में धार्मिक भावना को आहत करने के केस दर्ज हुआ है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हम अपने देवी-देवताओं का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे, भोपाल में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है, हम उन्हें छोड़ेंगे नहीं।
गिरफ्तारी की मांग
बता दें कि बुधवार को पश्चिम बंगाल में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने महुआ मोइत्रा की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी। मां काली को लेकर दिए गए महुआ के बयान पर सुवेंदु अधिकारी ने कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि हमे उम्मीद है कि पश्चिम बंगाल पुलिस उसी रफ्तार से कार्रवाई करेगी जैसा कि उसने नूपुर शर्मा को लेकर किया था। हम कुछ समय के लिए इंतजार करेंगे और अगर इसके बाद भी पुलिस महुआ के खिलाफ कार्रवाई नहीं करती है तो हम पश्चिम बंगाल पुलिस के खिलाफ कलकत्ता हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications