CAA पर 10 लाइन बोलकर दिखा दें राहुल गांधी, जेपी नड्डा की चुनौती
नई दिल्ली- बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नागरिकता संशोधन कानून के विरोध को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को बड़ी चुनौती दे डाली है। उन्होंने कहा है कि राहुल इस मुद्दे पर सिर्फ 10 लाइन बोलकर दिखा दें। उन्होंने दावा किया है कि इसके बारे में राहुल गांधी बिना कुछ समझे बोले जा रहे हैं। गौरतलब है कि नड्डा का ये बयान उसी दिन आया है, जब कांग्रेस शासित पंजाब ने नागरिकता कानून निरस्त करने के लिए विधानसभा से प्रस्ताव पारित किया है।
बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को राहुल गांधी को सीएए पर बोलने का चैलेंज दिया है। उन्होंने कहा, "मैं राहुल गांधी को नागरिकता संशोधन कानून पर 10 लाइन बोलने की चुनौती देता हूं। वह बिना कुछ जाने बोलते हैं। यह राष्ट्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। जो लोग भी सीएए का विरोध कर रहे हैं, वे राष्ट्र को कमजोर कर रहे हैं।"
BJP Working President JP Nadda in Delhi: I challenge Rahul Gandhi to speak 10 lines on Citizenship Amendment Act (CAA). He talks without knowing. It is unfortunate for the nation. All those opposing CAA are making the nation weak. pic.twitter.com/MMKh4CLqws
— ANI (@ANI) January 17, 2020
गौरतलब है कि कांग्रेस शासित पंजाब ने शुक्रवार को ही विधानसभा से नए नागरिकता कानून को रद्द करने का प्रस्ताव पास किया है। लेफ्ट शासित केरल के बाद कांग्रेस शासित पंजाब दूसरा राज्य बन गया है, जिसने विधानसभा से ऐसा प्रस्ताव पास किया है। प्रस्ताव में आरोप लगाया गया है कि यह कानून देश के धर्मनिरपेक्ष ढांचे को कमजोर करता है, जो कि संविधान का आधार है।
बता दें कि नए नागरिकता कानून पर देश दो पूरी तरह दो राजनीतिक विचारधाराओं में बंट चुका है। एक ओर जहां इसका विरोध किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर इसके समर्थन में भी प्रदर्शन हो रहे हैं। इस कानून के तहत 31 दिसंबर, 2014 से पहले पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश से धार्मिक उत्पीड़न का शिकार होकर आए हिंदू, क्रिश्चियन, बौद्ध, सिख, जैन और पारसी समुदाय के शरणार्थियों को भारतीय नागरिकता देने का प्रावधान है।
इसे भी पढ़ें- NPR-CAA के खिलाफ पश्चिम बंगाल के शिक्षकों की याचिका, SC ने केंद्र को जारी किया नोटिस