जेएनयू हिंसा के बाद कैलाश सत्यार्थी ने पीएम मोदी से की ये अपील
नई दिल्ली। देश की राजधानी में जिस तरह से जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में मारपीट की गई उसके बाद समाज के हर वर्ग के लोग इस हिंसा की आलोचना कर रहे हैं। इस बीच नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित कैलाश सत्यार्थी ने जेएनयू हिंसा पर दुख जाहिर किया है। उन्होंने जेएनयू में हुई हिंसा पर दुख जताते हुए कहा कि विश्वविद्यालयों में भय का माहौल है। कैलाश सत्यार्थी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की है कि वह देश के तमाम छात्र संगठनों से सीधा संवाद करें। जिस तरह से जेएनयू में हिंसा हुई वह बेहद दुखद है। अगर जामिया और जेएनयू छात्रावास में हमारी बेटियां सुरक्षित नहीं हैं तो इससे ज्यादा शर्मनाक क्या हो सकता है।

कैलाश सत्यार्थी ने कहा कि कैंपस में हिंसा का तमाम छात्र संगठन विरोध करें। जिस तरह से विश्वविद्यालयों में हिंसा और अराजकता की वजह से भय का माहौल है उसके बाद मैं आदरणीय भाई नरेंद्र मोदी से अपील करता हूं कि वह देश के तमाम विश्वविद्यालयों के छात्रों के संगठनों से बात करें। बता दें कि रविवार को जेएनयू में हिंसा भड़क गई थी। कुछ नकाबपोश छात्र कैंपस के भीतर घुसे और उन्होंने लाठी डंडों से छात्रों को पीटा और कैंपस के भीतर तोड़फोड़ की। जिसके बाद से तमाम छात्र हिंसा के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं और उनकी गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
जेएनयू में जिस तरह से हिंसा के बाद संस्थान पर एक वर्ग निशाना साध रहा है, उस बीच केंद्रीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा कि "मैं आपको निश्चित तौर पर बता सकता हूं कि जब मैं जवाहरलाल यूनिवर्सिटी में पढ़ता था, हमनें वहां किसी टुकड़े-टुकड़े गैंग को नहीं देखा।" बता दें कि जेएनयू में हुई हिंसा के बाद लगातार छात्र इसके खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। तमाम प्रदर्शनकारी छात्र आरोप लगा रहे हैं कि दिल्ली पुलिस ने इन गुंडों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की।












Click it and Unblock the Notifications