हिन्दी फिल्में नहीं देखती, दीपिका की छपाक जरूर देखूंगी: कनिमोझी
नई दिल्ली। जेएनयू जाकर हिंसा में घायल छात्रों से मिलने पर भाजपा नेताओं की आलोचना का सामना कर रही अभिनेत्री दीपिका पादुकोण को डीएमके सांसद एमके कनिमोझी का साथ मिला है। कनिमोझी ने कहा है कि दीपिका की फिल्म का बायकॉट करने को लेकर जिस तरह का एक अभियान चला दिया गया है, वो ठीक नहीं है। इस तरह किसी को निशाना नहीं बनाना चाहिए। उन्होंने ये भी कहा कि वो हिन्दी फिल्में नहीं देखती हैं लेकिन दीपिका की फिल्म जरूर देखेंगी। दीपिका की फिल्म छपाक 10 जनवरी को रिलाज हो रही है।

जेएनयू पहुंची कनिमोझी
डीएमके सांसद कनिमोझी बुधवार को जेएनयू कैंपस पहुंचीं। यहां उन्होंने रविवार को हिंसा का शिकार हुए छात्रों से मुलाकात की। जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्रसंघ की अध्यक्ष आईशी से भी उन्होंने बातचीत की। हमले में आईशी को काफी ज्यादा चोटे आई हैं।
कैंपस में हिंसा को लेकर जहां उन्होंने सरकार से तुरंत कार्रवाई और हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की। वहीं मंगलवार शाम जेएनयू आई दीपिका के खिलाफ भाजपा नेताओं की ओर से चल रहे अभियान की उन्होंने आलोचना की। कनिमोझी ने कहा, मैं हिन्दी फिल्में नहीं देखती लेकिन जिस तरह से अभिनेत्री के बोला जा रहा है। मैं उनकी फिल्म छपाक जरूर देखूंगी और उन्हें सपोर्ट करूंगी।

भाजपा नेताओं के निशाने पर हैं दीपिका
दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में रविवार शाम नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर दिया था। इसमें करीब 40 छात्र और शिक्षक घायल हुए थे। मंगलवार शाम को हिंसा का शिकार हुए छात्रों से एकजुटता दर्शाने बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण जेएनयू कैंपस पहुंचीं थीं। वे 10 मिनट तक छात्रों के साथ रहीं और घायल आईशी से भी मिलीं।
दीपिका के जेएनयू जाने की खबर पर भाजपा के कई नेता उन पर भड़क गए। दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता तेजिन्दर पाल सिंह बग्गा ने तुरंत ही छात्रों का समर्थन करने पर दीपिका की फिल्मों का बहिष्कार करने की अपील समर्थकों से कर दी। बग्गा ने ट्वीट में लिखा- टुकड़े-टुकड़े गैंग और अफजल गैंग का समर्थन करने पर दीपिका पादुकोण की फिल्मों का बहिष्कार करें।

मनोज तिवारी, राकेश सिन्हा, हंसराज हंस ने भी उठाए सवाल
भाजपा सांसद और दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा, दीपिका को जेएनयू नहीं जाना चाहिए था। मैं दीपिका का फैन हूं। अब उनकी फिल्म ना देखने के लिए बायकॉट छपाक चल रहा है। दीपिका ऐसे लोगों के साथ जाकर खड़ी हुईं, जो आर्मी को गाली देते हैं और शहीदों का अपमान करते हैं।
एक और भाजपा सांसद हंस राज हंस ने कहा, दीपिका पादुकोण को टुकड़े-टुकड़े गैंग के साथ नहीं खड़ा होना चाहिए। दीपिका को वहां जाने से पहले सोचना चाहिए था कि वहां क्या चल रहा है।
भाजपा के राज्यसभा राकेश सिन्हा ने दीपिका को लेकर कहा, ये देखने में आया है कि जहां भी राष्ट्र विरोधी कुछ गतिविधि होती है, कुछ बॉलीवुड सितारे वहां पहुंच जाते हैं। लगता है कि बॉलीवुड पर कोई दबाव है। दरअसल फिल्मों में दाउद का पैसा भी लगा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications