देशद्रोह केस: चार्जशीट में कन्हैया-उमर के अलावा किस-किसका नाम है, जानिए
नई दिल्ली। साल 2016 के देशद्रोह मामले में दिल्ली पुलिस ने जेएनयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार और उमर खालिद के खिलाफ आरोप-पत्र दाखिल किया है। इस मामले में 10 लोगों के खिलाफ 1200 पन्नों का आरोप पत्र दाखिल किया है। दिल्ली पुलिस द्वारा दायर चार्जशीट में कन्हैया, उमर और अनिर्बान के अलावा 7 कश्मीरी छात्रों के नाम भी शामिल हैं। देशद्रोह के इस मामले में दिल्ली पुलिस ने आज दोपहर 2 बजे के बाद पटियाला हाउस कोर्ट में चार्जशीट फाइल की।
7 कश्मीरी छात्रों के नाम भी चार्जशीट में शामिल
जेएनयू देशद्रोह मामले में दिल्ली पुलिस द्वारा जिन लोगों के नाम चार्जशीट में दिए गए हैं उनमें- कन्हैया कुमार, उमर खालिद, अनिर्बान भट्टाचार्य के अलावा अकीब हुसैन, मुजीब हुसैन, मुनीब हुसैन, उमर गुल, रईस रसूल और बशीर भट के नाम शामिल हैं। इसके अलावा शहला राशिद और सीपीआई नेता डी राजा की बेटी अपराजिता राजा का नाम भी आरोप-पत्र में शामिल है।
|
सीपीआई नेता डी राजा की बेटी और शहला राशिद का नाम भी
पटियाला हाउस कोर्ट में दिल्ली पुलिस ने 2016 जेएनयू देशद्रोह मामले में 124A (देशद्रोह) 323, 465, 471,143, 149, 147, 120B सहित भारतीय दंड संहिता (IPC) की विभिन्न धाराओं के तहत चार्जशीट दाखिल की गई है। देशद्रोह के इस मामले में पटियाला हाउस कोर्ट में कल सुनवाई होगी।
जेएनयू कैंपस में देशविरोधी नारेबाजी का मामला
कन्हैया कुमार, उमर खालिद और अनिर्बान भट्टाचार्य को साल 2016 में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय परिसर में संसद हमले के मास्टरमाइंड अफजल गुरु की फांसी के खिलाफ एक आयोजन के आरोप में देशद्रोह मामले में गिरफ्तार किया गया था। आरोप था कि इसी कार्यक्रम के दौरान देश-विरोधी नारे लगाए गए थे। इन आरोपों के बाद दिल्ली की सियासत गरमा गई थी। देशभर में इसको लेकर चर्चा शुरू हो गई थी।