Gujarat Assembly Election 2017: भाजपा को हराने के लिए 'अब खुद गब्बर मैदान में'
Gujarat Assembly Election 2017: अपने 'परम शत्रु' से चुनाव लड़ने के लिए मैदान में आए जिग्नेश मेवानी, कांग्रेस को कुछ यूं मिलेगा फायदा
गांधीनगर। गुजरात में दलित नेता जिग्नेश मेवाणी ने ऐलान किया है कि वो विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। आज सोमवार को ट्वीट कर जिग्नेश ने कहा कि 'साथियों, निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में गुजरात के बनासकांठा जिले की वडग़ांव-11 सीट से हम 2017 गुजरात विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे। लड़ेंगे, जीतेंगे'। जिग्नेश ने सभी राजनीतिक दलों से अपील है कि इस सीट से कोई प्रत्याशी ना उतारे, वो भाजपा से सीधी लड़ाई लड़ना चाहते हैं। जब जिग्नेश से इस विषय पर पूछा गया कि क्या कांग्रेस से उनसे बात हुई है तो उन्होंने कहा कि उनकी बात जनता से हुई है।

अब खुद गब्बर मैदान में...
एक फेसबुक पोस्ट में जिग्नेश ने लिखा है कि 'अब खुद गब्बर मैदान में... निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में हम 11- वड़गांव चुनावक्षेत्र से 2017 गुजरात विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे। आज 12 बजे वडग़ांव एक्जिक्यूट मेजिस्ट्रेट की ऑफिस पर पर्चा भरने जाएंगे। पिछले कुछ महीनों से, खास तौर पे चुनाव की घोषणा होने के बाद अनगिनत आंदोलनकारी साथियों का और युवा वर्ग का यह अनुरोध था बल्कि यह ख्वाहिश थी कि हम इस बार जमकर चुनाव लड़े ओर फासीवादी भाजपाईयो के सामने सड़कों के साथ साथ चुनाव में भी मुकाबला करें और दबे कुचले तबकों की आवाज़ बनकर विधानसभा में जाए।'

'भाजपा हमारा परम शत्रु है'
उन्होंने लिखा है कि 'भाजपा हमारा परम शत्रु है, इसलिए भाजपा को छोड़कर कोई भी पोलोटिकल पार्टी (या इंडिपेंडेंट केंडिडेट) हमारे सामने अपना केंडिडेट खड़ा ना करे यह हमारा अनुरोध है। लड़ाई सीधी हमारे और भाजपा के बीच में होने दे। पिछले 22 साल से गुजरात मे जो तानाशाही चल रही है उसके सामने ऊना से लेकर अबतक हमने जो संघर्ष किया है , जो माहौल बनाया है उससे न केवल गुजरात लेकिन पूरे देश की जनता वाकिफ है।'

जनता की लड़ाई को और भी तेज करेंगें
मेवानी ने कहा कि 'हम जिन मुद्दों को लेकर संघर्ष करते आए है और जिस ऊर्जा , प्रतिबद्धता और जोश के साथ अब तक सड़कों पर दलित - शोषित तबकों की आवाज़ बने है उसी मुद्दों की बात करने के लिए और इसी आवाज़ को बुलंद करते हुए गुजरात की विधानसभा में भी जाएंगे। चुनाव जीतने के बाद जनता की लड़ाई को और भी तेज करेंगें, यह हमारा वादा है।' लिखा है कि - 'सभी से हमारा यह अपील और अनुरोध है कि इस लड़ाई में, इस संघर्ष में हमें तन-मन-धन से मदद करे और हो शके उतना जल्दी वडग़ांव विधानसभा में कूद पड़े।'

कांग्रेस ने नहीं उतारा प्रत्याशी
बता दें कि जिग्नेश ने आज 12 बजे नामांकन किया। बता दें कि जिग्नेश जिस सीट चुनाव से लड़ रहे हैं वो आरक्षित है। जिग्नेश के चुनाव मैदान में आने के बाद कांग्रेस ने इस सीट से अपना प्रत्याशी नहीं उतारा है। माना जा रहा है कि मेवानी के चुनाव मैदान में आने से बीजेपी के दलित वोट बैंक में सेंध लगने की संभावना है जिसका सीधा लाभ कांग्रेस को होगा। दलित वर्ग के लोग बीजेपी के बजाय मेवानी को मतदान कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications